नई दिल्ली: आजकल हर दूसरे दिन साइबर फ्रॉड की खबर आ जाती है। कभी किसी का बैंक अकाउंट खाली हो जाता है, कभी किसी कंपनी का पूरा डेटा लीक हो जाता है। हैकर्स भी अब पहले से ज्यादा स्मार्ट हो गए हैं। वो भी AI का इस्तेमाल करके लोगों को ठग रहे हैं।इसी दिक्कत को देखते हुए OpenAI ने एक बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने 2 नए सिक्योरिटी टूल लॉन्च किए हैं। इनका नाम है Daybreak Red Team और Daybreak Defense Factory। सीधे शब्दों में समझें तो, पहला टूल बीमारी को पकड़ेगा और दूसरा टूल उसका इलाज बताएगा।
Daybreak Red Team की खासियत
Daybreak Red Team एक AI टूल है, जो कंपनियों के ऐप और वेबसाइट की सुरक्षा जांच करता है। इसमें कई डिजिटल एजेंट मिलकर सोर्स कोड और पुरानी सिक्योरिटी रिपोर्ट का विश्लेषण करते हैं और संभावित कमजोरियों का पता लगाते हैं। यह हमले से पहले ही सुरक्षा खामियां पहचानने के साथ, उन्हें ठीक करने के बाद दोबारा जांच भी कर सकता है। फिलहाल यह टूल शुरुआती एक्सेस प्रोग्राम के तहत कुछ चुनिंदा कंपनियों के लिए उपलब्ध है।
Daybreak Defense Factory कैसे काम करता है
Daybreak Defense Factory दूसरा AI टूल है, जो ऐप या सॉफ्टवेयर में मिली सुरक्षा खामियों को ठीक करने में मदद करता है। यह कमी की वजह पता लगाकर उसे दूर करने के लिए कोड में जरूरी बदलावों का प्लान तैयार करता है, जिसे डेवलपर्स जांचने के बाद लागू कर सकते हैं। कंपनियां इससे नए कोड की ऑटोमैटिक जांच और नियमित सिक्योरिटी स्कैन भी करवा सकती हैं।
भविष्य में साइबर सुरक्षा की जरूरत
OpenAI का कहना है कि आने वाले समय में साइबर हमले और खतरनाक होंगे। क्योंकि हैकर्स भी AI से सॉफ्टवेयर की कमजोरी ढूंढ रहे हैं। ऐसे में कंपनियों को अपनी सुरक्षा पहले से ज्यादा मजबूत करनी होगी।कुल मिलाकर, अब AI सिर्फ हमला करने के लिए नहीं, बल्कि बचाव के लिए भी इस्तेमाल होगा। और ये दोनों टूल कंपनियों के साथ-साथ आम लोगों के पर्सनल डेटा को भी सुरक्षित रखने में मदद करेंगे।











