नई दिल्ली: आज के समय में बैंक अकाउंट से सही मोबाइल नंबर का लिंक होना बहुत जरूरी है। चाहे OTP हो, ट्रांजैक्शन अलर्ट हो या UPI वेरिफिकेशन, बैंक की सभी जरूरी सेवाएं आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर ही आती हैं। अगर आपका पुराना नंबर बंद हो गया है, खो गया है या आपने नया सिम लिया है, तो बैंक में भी उसे अपडेट कराना बेहद जरूरी हो जाता है।
गलत या पुराना नंबर लिंक होने पर क्या होगा?
अगर आपके बैंक खाते में पुराना या गलत नंबर लिंक है तो आपको कई दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। सबसे बड़ी परेशानी यह है कि खाते में होने वाले लेन-देन का अलर्ट आपको नहीं मिलेगा। कई बार बैंकिंग ट्रांजैक्शन के लिए OTP की जरूरत पड़ती है और अगर पुराना नंबर बंद है तो आप कोई भी काम नहीं कर पाएंगे। इसलिए नंबर बदलते ही बैंक रिकॉर्ड में नया नंबर अपडेट कर दें। अच्छी बात यह है कि अब इसके लिए बैंक की लंबी लाइन में लगने की जरूरत नहीं है। कई बैंक अपने ग्राहकों को ऑनलाइन ही मोबाइल नंबर बदलने की सुविधा दे रहे हैं।
नेट बैंकिंग से ऐसे बदलें नंबर
अगर आपके बैंक की इंटरनेट बैंकिंग में मोबाइल नंबर बदलने का विकल्प है तो आप घर बैठे यह काम कर सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले बैंक की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर नेट बैंकिंग में लॉगिन करें। इसके बाद प्रोफाइल, पर्सनल डिटेल्स या कॉन्टैक्ट इंफॉर्मेशन वाले सेक्शन में जाएं। वहां आपको मोबाइल नंबर अपडेट करने का ऑप्शन मिलेगा।
नया नंबर डालने के बाद बैंक आपसे वेरिफिकेशन मांगेगा। कुछ बैंकों में यह वेरिफिकेशन पुराने नंबर पर आए OTP, डेबिट कार्ड डिटेल्स या अन्य जानकारी के जरिए होता है। एक बार वेरिफिकेशन पूरा होते ही आपका नया नंबर अपडेट हो जाएगा।
मोबाइल बैंकिंग ऐप से भी होगा काम
आजकल ज्यादातर बैंक अपने मोबाइल ऐप में भी यह सुविधा दे रहे हैं। आपको सिर्फ बैंक के ऐप में लॉगिन करना है और प्रोफाइल या सेटिंग्स सेक्शन में जाना है। वहां पर्सनल डिटेल्स में मोबाइल नंबर अपडेट का ऑप्शन चेक करें। अगर विकल्प मौजूद है तो नया नंबर दर्ज करें और बैंक के निर्देशों के अनुसार वेरिफिकेशन पूरा कर दें। ध्यान रहे, हर बैंक के नियम अलग-अलग हो सकते हैं, इसलिए अपडेट करने से पहले एक बार अपने बैंक की वेबसाइट पर पूरी जानकारी जरूर देख लें।










