36 घंटे तक परेशान रहे Microsoft यूजर्स, आखिरकार कंपनी ने ठीक किया आउटेज; सभी सर्विसेज फिर शुरू

0
12

नई दिल्ली: आउटलुक पर ईमेल भेजने से लेकर टीम्स पर मीटिंग करने और कोपायलट इस्तेमाल करने तक, माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं पर निर्भर लाखों यूजर्स को आखिरकार राहत मिल गई है। कंपनी ने 36 घंटे से ज्यादा समय तक चली ग्लोबल रुकावट को ठीक करने का ऐलान किया है। शनिवार, 14 नवंबर की सुबह माइक्रोसॉफ्ट ने बताया कि तकनीकी समस्या दूर कर दी गई है और उसकी सभी सर्विसेज फिर से काम कर रही हैं। इस आउटेज का असर 70 से ज्यादा देशों में देखने को मिला। इससे कंपनियों, सरकारी संस्थानों और आम यूजर्स के रोजमर्रा के काम प्रभावित हुए। माइक्रोसॉफ्ट के अनुसार, अब Outlook, Teams और Copilot समेत Microsoft 365 की सेवाओं को इस्तेमाल करने में परेशानी नहीं होनी चाहिए। हालांकि, कंपनी अभी भी अपने सिस्टम और ईमेल के लंबित संदेशों पर नजर रख रही है। उसने यूजर्स को हुई परेशानी के लिए माफी भी मांगी है।

माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में दिक्कत गुरुवार, 12 नवंबर को शुरू हुई थी। सबसे पहले यूजर्स ने Exchange Online के मेलबॉक्स खोलने में परेशानी बताई। इसके बाद समस्या Outlook, Teams, Copilot, SharePoint, Planner और To Do जैसे दूसरे प्लेटफॉर्म तक पहुंच गई। Teams पर मैसेज भेजने और ऑनलाइन मीटिंग करने जैसी सुविधाएं काफी हद तक काम कर रही थीं, लेकिन कैलेंडर और मीटिंग शेड्यूल करने वाले फीचर्स प्रभावित हुए। Copilot यूजर्स को चैट खोलने के साथ ईमेल, कैलेंडर और फाइलों से जुड़ी जानकारी पाने में भी दिक्कत हुई। कंपनी ने बताया कि हाल ही में किए गए नेटवर्क बदलाव के बाद पहले से चल रहे नेटवर्क क्षमता अपग्रेड से जुड़ी तकनीकी समस्या सामने आई थी। माइक्रोसॉफ्ट ने साफ किया कि यह साइबर हमला या AI एजेंट से जुड़ी घटना नहीं थी।

एयरलाइंस और कंपनियों का काम भी हुआ प्रभावित

इस गड़बड़ी का असर कई क्षेत्रों में पड़ा। भारत में इंडिगो ने बताया कि उसकी ईमेल सपोर्ट सेवा प्रभावित हुई है और ग्राहकों के संदेश मिलने में परेशानी हो सकती है। एयरलाइन ने यात्रियों को तुरंत मदद के लिए वेबसाइट या ऐप का इस्तेमाल करने को कहा। वहीं, एयर इंडिया ने स्पष्ट किया कि उसकी उड़ानों के संचालन पर कोई असर नहीं पड़ा। कंपनी ने ग्राहकों से संपर्क बनाए रखने के लिए ईमेल ट्रैफिक का रास्ता बदल दिया। OpenAI और Anthropic ने भी अपने Microsoft 365 कनेक्टर्स में परेशानी की जानकारी दी।

माइक्रोसॉफ्ट ने मांगी माफी, रिपोर्ट देने का वादा

कंपनी ने सेवाओं को एक साथ शुरू करने के बजाय धीरे-धीरे बहाल किया और हर चरण में उनकी स्थिरता जांची। लंबित ईमेल को संभालने के लिए टाइमआउट अवधि भी 48 घंटे तक बढ़ाई गई। माइक्रोसॉफ्ट ने कहा कि वह सिस्टम की निगरानी कर रहा है और जांच पूरी होने के बाद विस्तृत रिपोर्ट जारी करेगा। इस घटना ने एक बार फिर दिखाया है कि बड़ी टेक्नोलॉजी सेवाओं पर निर्भर संस्थानों के पास वैकल्पिक व्यवस्था और आपातकालीन योजना होना कितना जरूरी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here