मुजफ्फरनगर: प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने अपनी विधानसभा मुजफ्फरनगर में श्रीराम कॉलेज के पास निर्माणाधीन रेशू फाटक अंडरपास का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और मौजूदा स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को काम में तेजी लाने और परियोजना को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी और अधिकारियों से ली निर्माण कार्य की जानकारी
निरीक्षण के दौरान मंत्री कपिल देव ने जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और अपर जिलाधिकारी से बातचीत कर निर्माण कार्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारी आर.के. उप्पल सहित अन्य अधिकारियों से कार्य की प्रगति और निर्माण में आ रही समस्याओं पर चर्चा की। साथ ही समस्याओं का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए।
निर्धारित समय में काम पूरा करने के सख्त निर्देश
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने अधिकारियों को स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी तरह की अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने काम में तेजी लाकर निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण सामग्री और तकनीकी मानकों का विशेष ध्यान रखने को कहा, ताकि अंडरपास की गुणवत्ता से कोई समझौता न हो।
अंडरपास बनने से हजारों लोगों को मिलेगी राहत
मंत्री ने कहा कि रेशू फाटक अंडरपास क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण परियोजना है। इसके निर्माण से स्थानीय निवासियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और रोजाना आवागमन करने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम और इंतजार में बर्बाद होने वाले समय से भी छुटकारा मिलेगा। खासकर व्यस्त समय में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने में अंडरपास अहम भूमिका निभाएगा।
विकास कार्यों का लाभ समय पर जनता तक पहुंचाना प्राथमिकता
कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि जनता को बेहतर आवागमन, सुरक्षित यातायात और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। विकास कार्य केवल कागजों तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि उनका लाभ समय पर लोगों तक पहुंचना चाहिए। इसी उद्देश्य से वह स्वयं विकास परियोजनाओं का निरीक्षण कर रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों से पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ काम पूरा कराने को कहा।
योगी सरकार में बुनियादी सुविधाओं को मिल रही प्राथमिकता
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सड़क, यातायात और आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। मुजफ्फरनगर के विकास को गति देना और सभी क्षेत्रों में जनसुविधाओं का विस्तार करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र की जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा और निर्माणाधीन परियोजनाओं की नियमित समीक्षा की जाएगी।
Reported By: Rohit












