8वें पे कमीशन में फिटमेंट फैक्टर पर अटकी नजर, 3.61 से 4.38 तक की मांग, बेसिक पे 69,000 तक बढ़ने की उम्मीद

0
11

नई दिल्ली: 8वें पे कमीशन को लेकर सरकारी कर्मचारियों के बीच सबसे बड़ी चर्चा फिटमेंट फैक्टर को लेकर हो रही है। अलग-अलग कर्मचारी संगठनों ने आयोग से अलग-अलग फिटमेंट फैक्टर की मांग की है। इसकी वजह साफ है, जितना फिटमेंट फैक्टर होगा, उसी गुणांक में कर्मचारियों का बेसिक पे बढ़ेगा।

किस संगठन ने कितनी मांग की?

कुछ संगठनों ने 3.61 फिटमेंट फैक्टर की मांग की है, तो कुछ ने 3.8333 की। वहीं एक संगठन ने तो 4.38 फिटमेंट फैक्टर की मांग कर दी है। नेशनल काउंसिल-ज्वाइंट कंसल्टेटिव मशीनरी (NC-JCM), भारत पेंशनर्स समाज और फेडरेशन ऑफ नेशनल पोस्टल ऑर्गेनाइजेशन ने 3.833 फिटमेंट फैक्टर की मांग की है। अगर आयोग इस मांग को मान लेता है तो कर्मचारियों का बेसिक पे 18,000 रुपये से बढ़कर 69,000 रुपये तक पहुंच सकता है।

वहीं, मिनिस्ट्रियल स्टाफ एसोसिएशन ने 3.61 फिटमेंट फैक्टर की मांग की है। इसके लागू होने पर बेसिक पे करीब 65,000 रुपये के स्तर पर पहुंच सकता है। बता दें, 7वें पे कमीशन में 2.57 फिटमेंट फैक्टर लागू किया गया था। इस बार कर्मचारियों को उससे कहीं ज्यादा बढ़ोतरी की उम्मीद है।

अभी तक कोई फैसला नहीं

पे कमीशन की तरफ से अभी तक फिटमेंट फैक्टर पर कोई फैसला नहीं किया गया है। तीन सदस्यों वाले इस आयोग को कुल 18 महीने का समय मिला था। इसमें से 12 महीने बीत चुके हैं। अगले 6 महीने में आयोग अपनी रिपोर्ट केंद्र सरकार को सौंपेगा। इसके बाद केंद्रीय कैबिनेट इस पर अंतिम फैसला लेगी।
8वें पे कमीशन ने देश के अलग-अलग हिस्सों में जाकर कर्मचारियों और पेंशनर्स के संगठनों से मुलाकात की है। ये बैठकें जम्मू-कश्मीर से लेकर मुंबई तक, चेन्नई से भुवनेश्वर और जयपुर से कोलकाता तक हुई हैं। आयोग की कोशिश है कि देश के सभी इलाकों के कर्मचारियों की राय को सुना जाए।

HRA बढ़ाने की भी मांग

फिटमेंट फैक्टर के साथ ही HRA बढ़ाने की मांग भी जोर पकड़ रही है। केंद्रीय कर्मचारियों के संगठनों का कहना है कि मौजूदा HRA पर्याप्त नहीं है। बढ़ती महंगाई और शहरों में बढ़ते मकान किराए को देखते हुए HRA बढ़ाया जाना चाहिए। अब सबकी नजर आयोग की रिपोर्ट पर टिकी है। आने वाले 6 महीने में साफ होगा कि कर्मचारियों की सैलरी में कितनी बढ़ोतरी होती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here