नई दिल्ली: बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरा दबाव अब देश के बड़े हिस्से में मौसम का रुख बदलने लगा है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक बुधवार को पूर्वी, मध्य और दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश की रफ्तार तेज रहेगी। आईएमडी प्रमुख मृत्युंजय महापात्रा के अनुसार यह सिस्टम 23 सितंबर की रात करीब 70 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से तट से टकरा सकता है। इस मौसमी सिस्टम का सबसे ज्यादा असर ओडिशा के तटीय और दक्षिणी इलाकों में दिख रहा है, जहां भारी से बहुत भारी बारिश हो रही है।
हालात को देखते हुए राज्य सरकार ने सात जिलों में 24 सितंबर तक स्कूल-कॉलेज बंद रखने का फैसला लिया है, वहीं सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां भी रद्द कर दी गई हैं। आपदा से निपटने के लिए 33 ओडीआरएएफ टीमें तैनात की गई हैं, जिनमें से 24 संवेदनशील जिलों में भेजी गई हैं। कोरापुट, गजपति और गंजाम में रेड अलर्ट जारी किया गया है, जहां 20 सेंटीमीटर से ज्यादा बारिश हो सकती है। मछुआरों को 24 सितंबर तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
दिल्ली में फिलहाल राहत, यूपी-उत्तराखंड में बदलेगा मौसम
दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल मौसम सूखा बना रहेगा और 28 सितंबर तक कोई बड़ा अलर्ट नहीं है। अधिकतम तापमान 34-36 डिग्री के आसपास रह सकता है। हालांकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में गुरुवार से गरज-चमक शुरू हो सकती है और 25 सितंबर से भारी बारिश का अनुमान है। उत्तराखंड में शुक्रवार से बारिश तेज होगी और शनिवार को कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश हो सकती है।
मध्य भारत और दक्षिण भारत में भी सक्रिय रहेगा मौसम
बिहार में गुरुवार-शुक्रवार को कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश की चेतावनी है। झारखंड में भी बुधवार को गरज-चमक के साथ बारिश होगी। छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश में गुरुवार तक भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अनुमान है। कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में गुरुवार को अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। महाराष्ट्र के कोंकण और मध्य हिस्सों में भी बारिश जारी रहेगी। असम, मेघालय समेत पूर्वोत्तर के राज्यों में शुक्रवार तक बारिश और गरज-चमक का दौर बना रहेगा।












