राजौरी में LoC के पास लैंडमाइन विस्फोट, जेसीओ समेत चार जवान घायल, इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज

0
7
Jammu Kashmir Explosion
X/@jammuvishal

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा के पास तैनात जवानों को लेकर एक बड़े हादसे की खबर सामने आई है. रूटीन पेट्रोलिंग के दौरान एक बारूदी सुरंग में अचानक ब्लास्ट हो गया, जिसके चलते चार सैनिक घायल हो गए है. यह घटना मंगलवार को हुई  राजौरी जिले के कलाल इलाके में हुई, जहां भारतीय सेना की एक टुकड़ी सीमा पर निगरानी और सुरक्षा संबंधी नियमित गश्त पर थी. 

घायल सैनिकों का इलाज जारी 

वहीं इसी दौरान अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. बताया जा रहा है कि विस्फोट इतना तेज था कि आसपास मौजूद सैनिक तुरंत सतर्क हो गए और सहायता के लिए मौके पर पहुंचे. सेना के अधिकारियों के अनुसार, हादसे में घायल हुए चारों जवानों को तत्काल सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.  फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है.

कैसे हुआ हादसा 

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विस्फोट किसी लैंडमाइन के एक्टिव हो जाने से हुआ है. सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि सीमा पर घुसपैठ और संदिग्ध गतिविधियों को रोकने के लिए कई स्थानों पर बारूदी सुरंगें बिछाई जाती हैं. हालांकि, बारिश, भूस्खलन या मिट्टी खिसकने जैसी प्राकृतिक परिस्थितियों के कारण ये सुरंगें अपनी निर्धारित जगह से हटकर अन्य क्षेत्रों में पहुंच जाती हैं, जिससे इस तरह के हादसों का खतरा बढ़ जाता है. 

अधिकारियों का कहना है कि संभावना है कि गश्त के दौरान जवानों का पैर ऐसी ही किसी विस्थापित बारूदी सुरंग पर पड़ गया, जिसके कारण विस्फोट हुआ. हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है.

 तलाशी अभियान जारी

हादसे के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है. इसके साथ ही आसपास के क्षेत्रों में मौजूद अन्य संभावित बारूदी सुरंगों की पहचान और उन्हें निष्क्रिय करने का काम भी तेज कर दिया गया है. सेना का कहना है कि सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था पहले की तरह पूरी तरह एक्टिव है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here