कल का मौसम: दिल्ली-NCR में मौसम ने ली करवट, MP-बिहार समेत इन राज्यों में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट

0
11

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में गुरुवार सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए हुए हैं। कई इलाकों में दिन में ही अंधेरा जैसा माहौल रहा। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों के लिए दिल्ली-NCR में आंधी-तूफान, बिजली और ओले गिरने का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। IMD के अनुसार सेंट्रल दिल्ली, नई दिल्ली, साउथ-वेस्ट दिल्ली, वेस्ट दिल्ली और नॉर्थ दिल्ली के कुछ हिस्सों में तेज आंधी के साथ बिजली चमकने और ओले गिरने की संभावना है। इन इलाकों में हवा की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।

किन इलाकों में बारिश होने का अनुमान 

वहीं साउथ-ईस्ट दिल्ली, ईस्ट दिल्ली, शाहदरा, नॉर्थ-ईस्ट और साउथ दिल्ली के कई हिस्सों में हल्की बारिश और बिजली गिरने के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में बादल छाए रहने से लोगों ने सोशल मीडिया पर बारिश की जानकारी साझा की। प्रीत विहार, द्वारका, लक्ष्मी नगर, निर्माण विहार और यमुना बैंक समेत कई इलाकों में दिन में बारिश दर्ज की गई।

अगले दो दिन कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग ने गुरुवार को दिनभर बादल छाए रहने और रुक-रुक कर बारिश की संभावना जताई है। शुक्रवार को भी आंधी और बारिश का दौर जारी रह सकता है। दिल्ली के साथ-साथ हरियाणा और पंजाब में भी तेज हवाओं, ओलों और गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है। अगले दो दिनों में दिल्ली में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है, उसके बाद फिर से 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है। विभाग ने लोगों को आंधी-तूफान के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। पेड़ों के नीचे खड़े न हों और बिजली चमकने के दौरान खुले मैदानों से दूर रहें।

देश के अन्य राज्यों में भी बारिश के आसार

मध्य, पूर्वी और दक्षिणी भारत के कई हिस्सों में भी बारिश होने की संभावना है। बिहार में शुक्रवार को कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी भारी बारिश का अलर्ट है। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। पश्चिमी मध्य प्रदेश, विदर्भ, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, कोंकण, गोवा और गुजरात-सौराष्ट्र-कच्छ में भी छिटपुट बारिश का अनुमान है।

IMD के अनुसार ऑरेंज अलर्ट का मतलब है मौसम बिगड़ सकता है और यातायात व बिजली सप्लाई में रुकावट आ सकती है, जबकि रेड अलर्ट बेहद खराब मौसम का संकेत है जिससे जान-माल को खतरा हो सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here