गांधी जयंती पर खाकी ने उठाई झाड़ू, हरियाली के लिए रोपे पौधे, दिया संदेश- 'स्वच्छता से सेवा, हरियाली से सुरक्षा'

0
9

नई दिल्ली: गांधी जयंती के मौके पर देशभर में स्वच्छता और सेवा का संदेश गूंजा तो राजधानी दिल्ली में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की 88 महिला वाहिनी ने भी अपने अंदाज में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के स्वच्छता संदेश को जमीन पर उतारा। एक तरफ जवानों ने मेट्रो स्टेशन-09 परिसर में झाड़ू थामकर स्वच्छता का संदेश दिया, तो दूसरी तरफ वाहिनी परिसर में पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। अभियान के दौरान खाकी का अनुशासन, सेवा का जज्बा और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी एक साथ दिखाई दी।

“स्वच्छता से सेवा, हरियाली से सुरक्षा” के संदेश के साथ आयोजित इस विशेष अभियान का नेतृत्व 88 महिला वाहिनी की कमांडेंट कमल सिसोदिया ने किया। अधिकारियों और जवानों ने पूरे उत्साह एवं अनुशासन के साथ मेट्रो स्टेशन-09 परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान परिसर में साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। अभियान के जरिए यह संदेश दिया गया कि स्वच्छ और स्वस्थ भारत का सपना केवल सरकारी संस्थाओं के प्रयासों से पूरा नहीं हो सकता। इसके लिए समाज के प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। सार्वजनिक स्थानों को साफ रखना कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालना और स्वच्छता को रोजमर्रा की आदत बनाना ही गांधी जी के स्वच्छता संदेश को सच्चे अर्थों में आगे बढ़ाना है।

मां के नाम पौधा, आने वाली पीढ़ियों के नाम हरियाली

स्वच्छता अभियान के साथ ही 88 महिला वाहिनी परिसर में “एक पेड़ माँ के नाम” वृक्षारोपण अभियान भी आयोजित किया गया। इस दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए। अधिकारियों और जवानों ने केवल पौधे लगाने तक ही सीमित नहीं रहने, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प भी लिया। वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता का संदेश दिया गया। जवानों ने कहा कि आज लगाया गया एक पौधा आने वाले समय में न केवल हरियाली बढ़ाएगा बल्कि स्वच्छ हवा और बेहतर पर्यावरण की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान देगा।

Image Courtesy/ Pankaj Rai
Image Courtesy/ Pankaj Rai

कमांडेंट ने दिलाया निरंतर अभियान का संकल्प

कमांडेंट श्रीमती कमल सिसोदिया ने कहा कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण किसी एक दिन तक सीमित रहने वाला अभियान नहीं है बल्कि यह निरंतर निभाया जाने वाला राष्ट्रीय दायित्व है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार सीआरपीएफ राष्ट्र की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहती है, उसी प्रकार स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण की सुरक्षा भी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों और जवानों का आह्वान किया कि वे स्वयं स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और समाज के अन्य लोगों को भी स्वच्छता तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करें।

गांधी जयंती पर आयोजित इस अभियान में 88 महिला वाहिनी ने साफ कर दिया कि देशसेवा केवल सीमा और सुरक्षा तक सीमित नहीं है। स्वच्छ सड़क, साफ सार्वजनिक स्थान और हरा-भरा पर्यावरण भी राष्ट्रसेवा का ही हिस्सा है। झाड़ू से सफाई और पौधे से हरियाली का यह संदेश लोगों को अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करता नजर आया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here