ग्रीन पार्क में हेलमेट की दुकान में भीषण आग, दमकल ने पाया काबू

0
13

नई दिल्ली: दक्षिण दिल्ली के ग्रीन पार्क मेट्रो स्टेशन के पास रविवार दोपहर एक हेलमेट की दुकान में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना मिलते ही दिल्ली अग्निशमन विभाग की टीम ने मोर्चा संभाल लिया। दमकल कर्मियों की त्वरित कार्रवाई और सूझबूझ से आग पर काबू पा लिया गया। इस दौरान इमारत में फंसी दो महिलाओं को सीढ़ी की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

नौ दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा

जानकारी के अनुसार 15 नवंबर को दोपहर करीब 3 बजकर 10 मिनट पर आर-1 ग्रीन पार्क मेट्रो स्टेशन स्थित कैफे अमुदान की इमारत में आग लगने की सूचना मिली। सूचना में दूसरी मंजिल का पता दिए जाने पर दमकल विभाग ने तत्काल दो वाटर टेंडर, एक वाटर बाउजर और अन्य संसाधनों के साथ टीमें रवाना कीं। आग की गंभीरता को देखते हुए अभियान में दमकल गाड़ियों की संख्या बढ़ाकर नौ कर दी गई। इनमें चार वाटर टेंडर, तीन वाटर बाउजर, एक बीएफटी और एक एमपी शामिल रहे।

सीढ़ी की मदद से दो महिलाओं को सुरक्षित निकाला

दमकल विभाग की ओर से अभियान में एडीओ विनय, एसटीओ मुकुल भारद्वाज और एसओ गोविंद ने जिम्मेदारी संभाली। वहीं, एडीओ सरबजीत सिंह ने डीओ राजेंद्र अटवाल के आदेश पर घटनास्थल पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। दमकल कर्मियों ने तेजी से राहत एवं बचाव अभियान चलाया और सीढ़ी के सहारे इमारत में मौजूद दो महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला।

करीब 40 मिनट में आग पर पाया काबू

एसटीओ मुकुल भारद्वाज ने शाम करीब 3 बजकर 45 मिनट पर आग पर काबू पाने की सूचना दी, जबकि एडीओ विनय ने 3 बजकर 50 मिनट पर अभियान समाप्ति का संदेश जारी किया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आग इमारत के भूतल पर स्थित हेलमेट की दुकान में लगी थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here