जंतर-मंतर पर पुलिस की बस की चाबी लेकर भागी महिला, प्रदर्शन के बीच VIDEO हुआ वायरल

0
10

नई दिल्ली: नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर रविवार, 4 अक्टूबर को हुए प्रदर्शन के दौरान एक अजीब घटना सामने आई। प्रदर्शन के बीच एक महिला कार्यकर्ता ने पुलिस बस की चाबी छीन ली और लेकर भाग गई, जिससे बस मौके पर ही खड़ी रह गई। जानकारी के मुताबिक, जंतर-मंतर पर केंद्रीय मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन चल रहा था। बड़ी संख्या में लोग वहां जमा थे और उनके इस्तीफे की मांग कर रहे थे। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने करीब 110 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया और उन्हें बसों में बैठाकर वहां से ले जाने की तैयारी कर रही थी।

इसी दौरान एक महिला अचानक बस के पास पहुंची और ड्राइवर के पास रखी चाबी अपने कब्जे में ले ली। चाबी हाथ में आते ही वह भीड़ में भाग गई। चाबी न होने की वजह से बस आगे नहीं बढ़ पाई और पुलिस को काफी देर तक वहीं रुकना पड़ा।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ घटना का वीडियो 

इस घटना का दूसरा वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिसकर्मी बस को धक्का मारकर सड़क से हटाते हुए नजर आ रहे हैं। चाबी न मिलने के बाद पुलिस के पास बस को धकेलने के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं बचा था। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर दो तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।

महिला के कदम पर उठे सवाल 

कुछ लोग महिला के इस कदम की तारीफ कर रहे हैं और कह रहे हैं कि उसने हिरासत में लिए गए साथियों को बचाने के लिए हिम्मत दिखाई। वहीं, कई यूजर्स सवाल उठा रहे हैं कि क्या इस तरह पुलिस वाहन की चाबी छीनना कानूनन सही है? क्या इससे महिला के खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो सकती है? इस घटना ने एक नई बहस भी छेड़ दी है कि लोकतंत्र में विरोध जताने की सीमा क्या होनी चाहिए और प्रदर्शन के दौरान पुलिस के काम में बाधा डालना कहां तक जायज है।

15 जवान हुए घायल 

पुलिस के मुताबिक, रविवार को प्रदर्शन के दौरान हालात काफी तनावपूर्ण हो गए थे। प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड तोड़ने की कोशिश की और बसों को रोकने लगे। इस झड़प में दिल्ली पुलिस के करीब 15 जवान घायल भी हुए हैं। फिलहाल पुलिस ने हिरासत में लिए गए लोगों को बाद में छोड़ दिया है, लेकिन बस की चाबी छीनने वाली महिला की पहचान की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here