नई दिल्ली: लॉरेंस बिश्नोई गैंग के लिए अमेरिका से अपना नेटवर्क चलाने वाले कुख्यात गैंगस्टर हैरी बॉक्सर को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया है। हरियाणा एसटीएफ की सूचना पर अमेरिकी एजेंसियों ने उसे कैलिफोर्निया में हिरासत में लिया और बाद में औपचारिक रूप से अरेस्ट कर लिया। अब भारतीय एजेंसियां उसे वापस लाने की कानूनी प्रक्रिया में जुट गई हैं।
अमेरिका में बैठकर चला रहा था नेटवर्क
बताया जा रहा है कि हैरी बॉक्सर लंबे समय से अमेरिका में बैठकर भारत में रंगदारी और धमकी के नेटवर्क को संभाल रहा था। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में दर्ज कई आपराधिक मामलों में उसका नाम सामने आ चुका है। उस पर हत्या, हत्या की कोशिश, मारपीट, फायरिंग और व्यापारियों से जबरन वसूली जैसे गंभीर आरोप हैं।
हैरी बॉक्सर का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में तब आया जब फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग हुई। इस घटना की जिम्मेदारी हैरी ने ही ली थी। फायरिंग के बाद उसने सोशल मीडिया पर पोस्ट और ऑडियो संदेश के जरिए बॉलीवुड की कई हस्तियों को धमकाया था। इसके अलावा कनाडा में कपिल शर्मा के कैफे पर हुई फायरिंग और रणवीर सिंह व तुषार कपूर को मिली धमकियों में भी उसका नाम जुड़ा।
कौन है हैरी बॉक्सर?
हैरी बॉक्सर का असली नाम हरिचंद जाट है। वह राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बामसूर इलाके का रहने वाला है। जयपुर में रहते हुए उसने बॉक्सिंग सीखी थी, जिसकी वजह से उसके नाम के साथ बॉक्सर जुड़ गया। शुरुआती दिनों में उसने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की और कुछ समय तक बॉक्सिंग कोच के रूप में भी काम किया, लेकिन बाद में वह अपराध की दुनिया की तरफ मुड़ गया। धीरे-धीरे वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग का भरोसेमंद सदस्य बन गया और विदेश से गैंग के लिए रंगदारी वसूलने का काम देखने लगा।
अब क्या होगा आगे?
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और हरियाणा एसटीएफ के इनपुट पर हुई इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। अब नोडल एजेंसी सीबीआई की मदद से प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, ताकि हैरी को भारत लाकर पूछताछ की जा सके। अधिकारियों का मानना है कि हैरी से पूछताछ में भारत में हुए कई हमलों और रंगदारी के मामलों की गुत्थी सुलझ सकती है। साथ ही लॉरेंस गैंग के विदेशी नेटवर्क और फंडिंग को लेकर भी अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं।












