नुमाईश ग्राउंड में सजा दिव्यांगजनों के हुनर का बाजार, 25 स्टॉलों पर दिखीं आकर्षक कलाकृतियां

0
7

मुजफ्फरनगर: धनतेरस के अवसर पर शुक्रवार को नुमाईश ग्राउंड में दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग एवं नींव शक्ति संस्था की ओर से हुनर हाट-दीपावली मेले का आयोजन किया गया। मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रदेश के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप ने किया। मेले में दिव्यांगजनों द्वारा तैयार हस्तशिल्प, कलाकृतियों, दीपों, मोमबत्तियों और विभिन्न उत्पादों के प्रदर्शन एवं बिक्री के लिए 25 स्टॉल लगाए गए।

उत्पाद प्रदर्शन और सांस्कृतिक कार्यक्रम

मेले में विभिन्न संस्थाओं ने घर की सजावट का सामान, मिट्टी के बर्तन, बैग, खाद्य सामग्री और अन्य आकर्षक उत्पाद प्रदर्शित किए। दिव्यांगजनों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।

Image Courtesy/ Pankaj Rai
Image Courtesy/ Rohit

इशारों के माध्यम से अपनी बात समझाने वाले दिव्यांग प्रतिभागियों की प्रतिभा की मंत्री नरेंद्र कश्यप ने सराहना की और उन्हें अपने हुनर को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया।

मंत्री नरेंद्र कश्यप का संबोधन

इस दौरान मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए पेंशन, दुकान निर्माण एवं संचालन के लिए आर्थिक सहायता और विभिन्न उपकरण उपलब्ध करा रही है। उन्होंने बताया कि पहले दिव्यांग पेंशन 1000 रुपये प्रतिमाह थी, जिसे मुख्यमंत्री ने बढ़ाकर 1500 रुपये प्रतिमाह कर दिया है। सरकार का प्रयास है कि दिव्यांगजनों को जीवन में किसी दूसरे के सहारे की आवश्यकता न पड़े। इस अवसर पर जिला पंचायत प्रशासक डॉ. वीरपाल निर्वाल, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी और नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने भी सभी को दीपावली, गोवर्धन पूजा एवं भाई दूज की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में मौजूद अधिकारी और अतिथि

कार्यक्रम में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी अमित कुमार, रामकुमार कश्यप, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी दीक्षा उपाध्याय, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी अरविंद पाल, जिला खादी एवं ग्रामोद्योग अधिकारी सोम प्रकाश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं नींव शक्ति संस्था की निदेशिका ऋचा वल्लभ खुल्वे समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

Reported by- Rohit 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here