नई दिल्ली: यूपी के सीतापुर में एक युवती का बाइक पर स्टंट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवती बिना हेलमेट के, दोनों हाथ छोड़कर तेज रफ्तार में बाइक चलाती नजर आ रही है। यह स्टंट शहर की सबसे संवेदनशील मानी जाने वाली VIP रोड पर किया गया है, जहां डीएम, एसपी समेत जिले के सभी बड़े अधिकारियों के आवास हैं।
वायरल वीडियो आंख अस्पताल से एसपी आवास की ओर जाने वाली सड़क का बताया जा रहा है। वीडियो में युवती ने बाइक पर पंजाबी गाना लगाकर रील बनाई और उसे अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट कर दिया। फुटेज में साफ दिख रहा है कि वह चलती बाइक पर हाथ छोड़कर स्टाइल मार रही है, जो बेहद खतरनाक है।
वीडियो वायरल होने पर हरकत में आई पुलिस
वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि इस तरह के स्टंट से न सिर्फ स्टंट करने वाले की जान को खतरा है, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जान भी जोखिम में पड़ सकती है। सोशल मीडिया पर भी यूजर्स ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामले का संज्ञान लेते हुए सीतापुर यातायात पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने वीडियो के आधार पर युवती की पहचान कर 16,000 रुपये का चालान किया है।
इन्फ्लुएंसर शिवन्या पांडे को अपनी स्पोर्ट्स बाइक पर बिना हेलमेट के, दोनों हाथ छोड़कर स्टंट करना बेहद भारी पड़ गया। वह सीतापुर की एक बेहद व्यस्त सड़क (VIP रोड) पर स्पोर्ट्स बाइक को बेहद लापरवाही से दौड़ा रही थीं, वीडियो में साफ़ देखा जा सकता था कि उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था, इसके साथ ही, वह चलती बाइक पर दोनों हाथ छोड़कर हैंडल से नियंत्रण हटाकर स्टंट कर रही थीं, जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर आया, तेजी से वायरल हो गया, यातायात पुलिस सीतापुर ने वीडियो का स्वतः संज्ञान लेते हुए वाहन के नंबर के आधार पर ₹16,000 का मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालान जारी किया, दिलचस्प बात यह है कि जैसे ही पुलिस का डंडा चला, मैडम ने तुरंत इंस्टाग्राम पोस्ट एडिट की और हाथ जोड़कर जनता से अपील करने लगीं, “सड़कों पर ऐसा न करें, यह खतरनाक है” सीतापुर की इस इन्फ्लुएंसर से सीखिए, रील के चक्कर में व्हील से हाथ छोड़ना कितना भारी पड़ सकता है l
— Vishal M. Yadav (@VishalMYadav_) October 12, 2026
पुलिस ने बताया कि चालान तीन अलग-अलग नियमों के उल्लंघन में काटा गया है – बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने पर 1,000 रुपये, बिना अनुमति के सार्वजनिक स्थान पर रेसिंग और स्पीड ट्रायल करने पर 5,000 रुपये और वायु प्रदूषण के मानकों का उल्लंघन करने पर 10,000 रुपये।
VIP रोड पर कैसे हुआ स्टंट?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस VIP रोड पर 24 घंटे पुलिस की गश्त रहती है और जहां जिले के आला अधिकारियों का आना-जाना लगा रहता है, वहां इस तरह का स्टंट कैसे हो गया। फिलहाल पुलिस का कहना है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए VIP रोड पर निगरानी बढ़ाई जाएगी और सोशल मीडिया पर स्टंट वीडियो डालने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।












