जनगणना-2027: प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न

0
7

मुजफ्फरनगर: जनगणना-2027 की तैयारियों के तहत जनपद के तहसील एवं नगरीय क्षेत्रों में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शनिवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देशन में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतिम दिन अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला जनगणना अधिकारी गंभीर सिंह ने विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए जनपद में व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। इसी क्रम में तहसील सदर, खतौली, बुढ़ाना और जानसठ सहित नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर, खतौली एवं विभिन्न नगर पंचायतों के कार्मिकों के लिए प्रशिक्षण केंद्र बनाए गए थे।

14 प्रशिक्षण केंद्रों पर विस्तृत प्रशिक्षण

प्रशिक्षण के लिए कुल 14 केंद्र निर्धारित किए गए, जहां फील्ड ट्रेनर्स द्वारा प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को जनगणना की निर्धारित प्रक्रियाओं, कार्यप्रणाली और जिम्मेदारियों के संबंध में विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया। निरीक्षण के दौरान जिला जनगणना अधिकारी गंभीर सिंह ने निर्देश दिए कि सभी प्रगणक एवं पर्यवेक्षक प्रशिक्षण को गंभीरता से लेते हुए जनगणना से जुड़े सभी दिशा-निर्देशों और प्रक्रियाओं की पूरी जानकारी प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसकी सफलता सही आंकड़ों के संकलन, कार्मिकों की दक्षता और प्रभावी समन्वय पर निर्भर करती है।

प्रशिक्षण केंद्रों की व्यवस्थाओं पर जोर

उन्होंने प्रशिक्षण केंद्र प्रभारियों को बैठने की समुचित व्यवस्था, आवश्यक प्रशिक्षण सामग्री और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही कार्मिकों की नियमित उपस्थिति, प्रशिक्षण की निगरानी और समस्याओं का समय से समाधान सुनिश्चित करने को कहा। जिला जनगणना अधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनगणना कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी निर्धारित समयसीमा में तैयारियां पूरी करें, ताकि प्रगणक एवं पर्यवेक्षक क्षेत्र में जनगणना का कार्य पूरी दक्षता के साथ संपन्न करा सकें।

Reported by- Rohit 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here