नई दिल्ली: टेक्नोलॉजी की दुनिया की दिग्गज कंपनी गूगल अपने कर्मचारियों को मिलने वाली सुविधाओं के लिए अक्सर चर्चा में रहती है. अब सैन फ्रांसिस्को स्थित गूगल ऑफिस का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वहां मौजूद सुविधाओं और कर्मचारियों को मिलने वाले मुफ्त खाने की झलक दिखाई गई है. वीडियो को कैटरीन इमैनुएला क्लिट्ज्के ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है.
वायरल वीडियो में क्या
वीडियो की शुरुआत एक खास मीटिंग स्पेस से होती है, जिसे ‘बैक टू द फ्यूचर’ थीम वाली कार की तरह डिजाइन किया गया है. इसके बाद कैटरीन ऑफिस के आर्ट एंड क्राफ्ट एरिया और गेम रूम की झलक दिखाती हैं. गेम रूम में बोर्ड गेम्स समेत कई तरह के गेम मौजूद हैं. कर्मचारियों को इन गेम्स को घर ले जाने की सुविधा भी मिलती है और वे सप्ताह के एक दिन साथ बैठकर गेम खेल सकते हैं.
दिन में तीन बार मिलता है खाना
वीडियो में गूगल ऑफिस के फूड अरेंजमेंट ने सबसे ज्यादा ध्यान खींचा। कैटरीन के मुताबिक, कर्मचारियों को दिन में तीन बार भोजन उपलब्ध कराया जाता है. इसके अलावा पूरे दिन अलग-अलग तरह के स्नैक्स और ड्रिंक्स भी मुफ्त मिलते हैं.
उन्होंने बताया कि ऑफिस की प्रत्येक मंजिल पर अलग किचन एरिया है, जहां कर्मचारी स्नैक्स और ठंडे पेय ले सकते हैं. यहां फ्लेवर्ड वॉटर, कॉफी के साथ फल, चिप्स, चॉकलेट और ग्रैनोला बार जैसी चीजें उपलब्ध रहती हैं. इतना ही नहीं, कर्मचारियों के लिए कुकिंग क्लासेस भी आयोजित की जाती हैं, जिनके लिए उन्हें कोई शुल्क नहीं देना पड़ता।
वीडियो में ऑफिस के खाने की भी झलक दिखाई गई. नाश्ते में अंडे, दही, फल, बेकरी आइटम और क्रोइसैन जैसे विकल्प नजर आए. वहीं लंच में पिज्जा, सलाद, झींगा, रिसोट्टो, पोक बाउल और रामेन जैसे कई तरह के व्यंजन शामिल थे.
यूजर्स ने उठाए सवाल
वीडियो वायरल होने के बाद यूजर्स ने गूगल की सुविधाओं पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं दे हैं. कुछ लोगों ने इन्हें शानदार बताया, तो कुछ ने सवाल किया कि अगर कर्मचारी दिन में तीनों वक्त ऑफिस में खाना खा रहे हैं, तो क्या वे काम पर जरूरत से ज्यादा समय बिता रहे हैं. एक यूजर ने ऑफिस की सुविधाओं और काम के दबाव के बीच संतुलन पर सवाल उठाया, जबकि दूसरे ने मजाक में पूछा कि मीटिंग के लिए ‘बैक टू द फ्यूचर’ कार जैसा आइडिया आखिर किसका था. फिलहाल, गूगल ऑफिस का यह टूर वीडियो सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोर रहा है.











