20 फीट के विशाल अजगर पर झूला झूलने लगे 6-7 साल के बच्चे, वीडियो देखकर लोगों के उड़े होश

0
6

नई दिल्ली: जिस विशाल अजगर को देखकर अच्छे-अच्छों के पसीने छूट जाते हैं, उसे कुछ छोटे बच्चों ने खेलने का सामान बना लिया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में 6-7 साल के बच्चों का समूह करीब 20 फीट लंबे अजगर के शरीर पर फिसलता और उसके आसपास दौड़ता नजर आ रहा है। हैरानी की बात यह है कि आसपास मौजूद बड़े लोग भी इस नजारे को देखकर घबराने के बजाय वीडियो बनाते दिखाई दे रहे हैं। बच्चों की यह बेखौफ मस्ती देखकर इंटरनेट यूजर्स हैरान हैं और उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता जता रहे हैं।

ब्रिटेन की वेबसाइट ‘नीड टू नो’ की रिपोर्ट के मुताबिक, यह वीडियो इंडोनेशिया के जावा द्वीप का बताया जा रहा है। इसमें दिखाई देने वाला सांप रेटिकुलेटेड पाइथन हो सकता है। यह दुनिया की सबसे लंबी और तीसरी सबसे भारी अजगर प्रजाति मानी जाती है। इसकी लंबाई करीब 21 फीट 4 इंच और वजन लगभग 75 किलोग्राम तक हो सकता है। इस प्रजाति के अजगर आमतौर पर इंसानों पर हमला नहीं करते, लेकिन इंडोनेशिया में इनके हमलों के कई मामले सामने आ चुके हैं। यहां बड़े आकार के अजगर पाए जाते हैं, जो कभी-कभी इंसानों के लिए जानलेवा साबित होते हैं।

अजगर के हमले में जा चुकी है कई लोगों की जान

रिपोर्ट के अनुसार, अगस्त में पश्चिमी सुलावेसी में चार बच्चों की मां एक विशाल अजगर के पेट में मृत मिली थी। बताया गया कि वह पास के बाजार जा रही थी, तभी अजगर ने उसे अपनी कुंडली में जकड़ लिया था। इससे पहले जुलाई में भी 40 वर्षीय एक किसान के लापता होने का मामला सामने आया था। वह पड़ोसी गांव जाने के बाद घर नहीं लौटा। बाद में उसकी तलाश के दौरान एक विशाल अजगर के पेट से उसका शव बरामद हुआ। पुलिस और ग्रामीणों ने अजगर को मारने के बाद उसका पेट काटकर किसान का शव बाहर निकाला था।

वीडियो देखकर सोशल मीडिया यूजर्स हैरान

बच्चों को इतने बड़े अजगर के साथ खेलते देखकर सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। एक यूजर ने मजाक में लिखा कि ये बच्चे स्क्रीन टाइम की जगह स्नेक टाइम बिता रहे हैं। वहीं, दूसरे ने कहा कि बच्चे असल जिंदगी में सांप-सीढ़ी खेल रहे हैं। हालांकि, कई लोगों ने इस वीडियो को मजेदार मानने के बजाय बच्चों की सुरक्षा पर सवाल उठाए। एक यूजर ने इसे बेहद लापरवाही भरा बताया, जबकि दूसरे ने चिंता जताई कि अजगर कभी भी हमला कर सकता है। लोगों का कहना है कि इतने खतरनाक जीव के इतने करीब छोटे बच्चों को जाने देना किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here