रायपुर: देशभर में शुक्रवार से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी लागू होने के बाद लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं. बढ़ी हुई कीमतों के साथ कई राज्यों में ईंधन की कमी की स्थिति भी सामने आने लगी है. खासतौर पर छत्तीसगढ़ के कई जिलों में पेट्रोल-डीजल संकट गहराता दिखाई दे रहा है. कई पेट्रोल पंपों पर तेल खत्म हो चुका है, जबकि जहां ईंधन उपलब्ध है वहां वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई हैं.
शहर के अधिकांश पेट्रोल पंप सूख
राजधानी रायपुर में हालात सबसे ज्यादा प्रभावित नजर आ रहे हैं. शहर के अधिकांश पेट्रोल पंप सूख चुके हैं और जिन पंपों पर पेट्रोल-डीजल मिल रहा है, वहां भारी भीड़ उमड़ रही है. लोगों को घंटों लाइन में लगने के बाद भी निराश लौटना पड़ रहा है. इसका असर आम जनजीवन पर साफ दिखाई दे रहा है. स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र, दफ्तरों में काम करने वाले कर्मचारी और रोजाना वाहन से सफर करने वाले लोग मुश्किलों का सामना कर रहे हैं. लोगों का कहना है कि एक तरफ तेल की कीमतें बढ़ गई हैं और दूसरी तरफ पर्याप्त मात्रा में ईंधन भी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है, जिससे रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं.
धमतरी में भी पेट्रोल और डीजल की कमी को देखते हुए प्रशासन ने सख्ती बरतने का फैसला किया है. जिला प्रशासन ने पेट्रोल पंपों पर निगरानी के लिए फूड इंस्पेक्टर और एसडीएम की ड्यूटी लगाने का निर्णय लिया है. कलेक्टर ने अफरातफरी और अव्यवस्था रोकने के लिए निर्देश जारी किए हैं. वहीं दुर्ग में कई पेट्रोल पंप बंद पड़े हैं और जहां ईंधन उपलब्ध है वहां देर रात तक लोगों की भीड़ बनी रही.
बीजापुर में सीमित मात्रा में दिया जा रहा तेल
बीजापुर में स्थिति और गंभीर बताई जा रही है. यहां सीमित मात्रा में तेल दिया जा रहा है और लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है. वहीं गरियाबंद में भी पेट्रोल पंपों पर अफरातफरी का माहौल बना हुआ है. लोग घबराहट में वाहनों की टंकियां फुल करा रहे हैं, जिससे मांग अचानक बढ़ गई है.
हालांकि राज्य सरकार ने लोगों से संयम बरतने की अपील की है. विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडारण मौजूद है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है. उन्होंने अफवाहों पर ध्यान न देने की सलाह दी. वहीं विधायक पुरंदर मिश्रा ने भी दावा किया कि ईंधन की कोई वास्तविक कमी नहीं है, बल्कि लोग जरूरत से ज्यादा खरीदारी कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण कीमतों में कुछ बढ़ोतरी हुई है, लेकिन इसका आम जनता पर ज्यादा असर नहीं पड़ेगा.















