नई दिल्ली: करीब 10 साल पहले बॉलीवुड के दो सुपरस्टार्स के ऋतिक रोशन और कंगना रनौत के बीच हुआ विवाद अब एक बार फिर से सुर्खियों में आ गया है. बता दें, एक दशक पहले कंगना ने एक्टर ऋतिक रोशन पर कई आरोप लगाए थे. हालांकि उस समय ऋतिक ने उन सभी दावों को झूठ बताते हुए उन्हें सिरे से नकार दिया था. वहीं अब ये विवाद एक बार फिर उस समय चर्चा में आ गया, जब स्टूडेंट प्रोटेस्ट को लेकर की गई कंगना की टिप्पणी के बीच फैंस ने ऋतिक और एक्ट्रेस के विवाद पर फिर से चर्चा शुरू कर दी.
#SorryHrithik का शुरू हुआ ट्रेंड
इतना ही नहीं इस दौरान सोशल मीडिया पर #SorryHrithik भी ट्रेंड करने लगा. इसी दौरान कुछ लोगों ने ऋतिक रोशन का नाम जोड़ते हुए कहा कि वर्षों पहले हुए विवाद में उन्हें बेवजह कठघरे में खड़ा किया गया था और अब उनसे माफी मांगी जानी चाहिए. इतना ही नहीं बयान पर कई यूजर्स ने आलोचना करते हुए मीम्स और पोस्ट शेयर किए.
ऋतिक रोशन ने किया रियेक्ट
वहीं एक बार फिर विवाद को लेकर बढ़ती चर्चा के बीच ऋतिक रोशन ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने एक सोशल मीडिया पोस्ट पर टिप्पणी करते हुए कहा कि किसी व्यक्ति का समर्थन केवल इसलिए नहीं करना चाहिए क्योंकि अब दूसरा व्यक्ति पसंद नहीं है. उनके मुताबिक, किसी भी मामले को भावनाओं के बजाय तथ्यों के आधार पर देखा जाना चाहिए. उन्होंने यह भी लिखा कि वह उस समय का इंतजार करेंगे जब पूरी चर्चा सही रेफ़्रेन्स और फैक्ट्स के साथ होगा.
कंगना रनौत ने भी दिया जवाब
बता दें, ऋतिक की यह टिप्पणी कंगना रनौत तक भी पहुंची, जिसके बाद उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए अभिनेता को जवाब दिया। कंगना ने लिखा कि ऋतिक अपनी पर्सनल लाइफ में आगे बढ़ चुके हैं और सबा आजाद के साथ खुश नजर आते हैं. ऐसे में उन्हें किसी महिला का मजाक उड़ाने या उसे निशाना बनाने के बजाय उन लोगों की आलोचना करनी चाहिए जो उनका नाम लेकर किसी और को ट्रोल कर रहे हैं. उन्होंने यह भी कहा कि किसी विवाद को और हवा देने के बजाय जिम्मेदारी से व्यवहार करना बेहतर होगा.
क्या है 10 साल पहले वाला विवाद
दरअसल, ऋतिक और कंगना के बीच विवाद साल 2016 में शुरू हुआ था. एक इंटरव्यू में कंगना ने अभिनेता को अपना सिली एक्स बताया था. इसके बाद ऋतिक ने सार्वजनिक रूप से कहा कि दोनों कभी रिलेशनशिप में नहीं रहे. मामला यहीं नहीं रुका और दोनों ने एक-दूसरे को कानूनी नोटिस भेजे. यह विवाद पुलिस जांच तक पहुंचा, जहां लंबी जांच के बाद कंगना के कई दावों की पुष्टि नहीं हो सकी. अब लगभग 10 साल बाद सोशल मीडिया पर छिड़ी नई बहस ने इस पुराने विवाद को फिर लोगों के बीच ला खड़ा किया है. फिलहाल #SorryHrithik ट्रेंड लगातार चर्चा में बना हुआ है और दोनों सितारों के बयान इंटरनेट पर बहस का विषय बने हुए हैं.












