नासिक में प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत! युवती की हत्या के बाद पूर्व प्रेमी ने भी दी जान

0
10
maharashtra crime, murder
maharashtra crime, murder

नई दिल्ली: महाराष्ट्र के नासिक से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. इंदिरानगर इलाके में 21 वर्षीय युवती की उसके पूर्व प्रेमी ने कथित तौर पर चाकू से हमला कर हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद भी आत्महत्या कर ली. इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और दोनों परिवारों में शोक का माहौल है.

सगाई के बाद बढ़ा विवाद

पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, युवती और आरोपी पहले रिश्ते में थे. कुछ समय पहले दोनों के बीच अलगाव हो गया था. इसके बाद युवती की किसी अन्य युवक से सगाई हो गई. बताया जा रहा है कि इसी बात से आरोपी नाराज था और वह युवती से मिलने पहुंचा.

मुलाकात के दौरान दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो कुछ ही देर में हिंसक झगड़े में बदल गई. इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर युवती पर चाकू से कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

मंगेतर को फोन कर दी वारदात की जानकारी

घटना के समय युवती का मंगेतर फोन पर उससे बात कर रहा था. बताया जा रहा है कि फोन कॉल के दौरान ही दोनों के बीच हो रहे विवाद की आवाजें सुनाई दे रही थी. हत्या के बाद आरोपी ने उसी कॉल पर मंगेतर को वारदात की जानकारी दी, जिससे पूरे मामले का खुलासा हुआ. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य भी जुटाए गए.

हत्या के बाद आरोपी ने की आत्महत्या

पुलिस के अनुसार, वारदात के कुछ समय बाद आरोपी का शव भी फंदे से लटका मिला. परिजनों की सूचना पर पुलिस वहां पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. शुरुआती जांच में इसे आत्महत्या माना जा रहा है

पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

पुलिस ने हत्या और आत्महत्या दोनों मामलों में अलग-अलग जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में प्रेम संबंध और युवती की सगाई के बाद पैदा हुए विवाद को घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है. हालांकि, मामले के सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है. पुलिस युवती के मंगेतर और अन्य लोगों से भी पूछताछ कर रही है ताकि घटना से जुड़े सभी तथ्य सामने आ सकें.

परिवारों में पसरा मातम

इस दोहरी घटना के बाद दोनों परिवारों में गहरा दुख और सदमा है. स्थानीय लोगों में भी इस घटना को लेकर चिंता का माहौल है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले से जुड़ी अन्य जानकारियां सार्वजनिक की जाएंगी.



LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here