'PM मोदी 'मेड इन पाकिस्तान' ऑटो में बैठे? मनीला की तस्वीर पर झूठ फैलाकर घिरा पाकिस्तान, खुली पोल

0
12

नई दिल्ली: मनीली में आसियान सम्मेलन के दौरान एक छोटी सी सवारी ने पाकिस्तान में बैठे कुछ लोगों को बड़ा मौका दे दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब गाला डिनर के लिए एक सजे-धजे थ्री-व्हीलर में बैठकर पहुंचे, तो पाकिस्तानी सोशल मीडिया पर दावा किया जाने लगा कि मोदी ने पाकिस्तान में बने ई-रिक्शे की सवारी की है। लेकिन हकीकत ये थी कि वो वाहन पूरी तरह भारतीय था, जिसे बजाज ऑटो ने बनाया था।

मंगलवार को मनीला में गाला डिनर था। मेजबान देश फिलीपींस ने दुनिया के बड़े नेताओं के लिए खास इंतजाम किया था। सबको रंग-बिरंगे, फूल-पत्तियों और कलाकारी से सजे तिपहिया वाहनों में ले जाया गया। ये डिजाइन फिलीपींस की मशहूर जीपनी से लिए गए थे। वहां आम सड़कों पर भी गाड़ियों पर ऐसी ही पेंटिंग देखने को मिल जाती है। मोदी भी उसी अंदाड में सजे वाहन में बैठकर डिनर तक गए।

पाकिस्तान से शुरू हुआ झूठा दावा

जैसे ही मोदी की इस सवारी का वीडियो वायरल हुआ, पाकिस्तान से कुछ हैंडल्स ने इसे अपना बताना शुरू कर दिया। लाहौर के पत्रकार हम्माद हसन ने एक्स पर लिखा कि मोदी ने आसियान में पाकिस्तान में बने ई-रिक्शे में सफर किया।

इसके बाद कई और अकाउंट्स ने भी यही बात फैलानी शुरू कर दी। इन लोगों के दावे की जड़ में एक खबर थी। पिछले महीने ही पाकिस्तान की कंपनी साज़गार ने फिलीपींस के लगुना में अपनी पहली विदेशी फैक्ट्री खोली है। ये कंपनी तिपहिया वाहन बनाती है और दक्षिण-पूर्व एशिया में फैलना चाहती है। बस इसी खबर को पकड़कर ये कहानी गढ़ दी गई कि मोदी जिस वाहन में बैठे, वो पाकिस्तानी है।

क्लोज-अप वीडियो ने खोल दी पोल

लेकिन पोल खोलने के लिए किसी बड़े सबूत की जरूरत नहीं पड़ी। जिन वाहनों में नेताओं को घुमाया गया, उनके क्लोज-अप वीडियो में साफ-साफ बजाज का लोगो दिख रहा था। डिजिटल मीटर पर बजाज का नाम लिखा था। यानी ये वाहन भारत की सबसे बड़ी ऑटो कंपनियों में से एक बजाज के थे, जिन्हें इवेंट के लिए खास तौर पर सजाया गया था। दावा सामने आते ही भारतीय यूजर्स ने भी मोर्चा संभाल लिया।

एक यूजर ने लिखा, सोचिए कोई भारत की उपलब्धि को अपना बताने के लिए इतना बेताब हो कि एक थ्री-व्हीलर को ही अपना बता दे। भारत बनाता है, पाकिस्तान सिर्फ गलत नाम चिपकाता है। दूसरे यूजर ने लिखा, बजाज ऑटो मेड इन इंडिया है, और इस एक बात ने ही पूरे पाकिस्तान की खिंचाई कर दी।

दरअसल, बजाज के लिए फिलीपींस कोई नया देश नहीं है। कंपनी 2015 से ही वहां काम कर रही है। आज वहां के थ्री-व्हीलर बाजार में बजाज एक भरोसेमंद नाम बन चुका है। उसकी कई असेंबली यूनिट हैं, डीलरों का बड़ा नेटवर्क है और वो 70 से ज्यादा देशों में अपने वाहन बेचती है। ये पूरी घटना एक बार फिर यही बताती है कि बिना सच्चाई जाने फैलाया गया प्रोपगैंडा ज्यादा देर नहीं टिकता। एक छोटे से वीडियो ने ही पूरे झूठ की हवा निकाल दी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here