नई दिल्ली: आंध्र प्रदेश और देश की राजधानी दिल्ली के बीच हवाई संपर्क को मजबूत बनाने की दिशा में एक नई पहल होने जा रही है। विशाखापत्तनम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से आकाशा एयर 25 अक्टूबर से दिल्ली के लिए रोजाना सीधी उड़ान सेवा शुरू करेगी। इस नई सेवा से यात्रियों को सफर के अधिक विकल्प मिलेंगे और व्यावसायिक गतिविधियों, पर्यटन तथा आर्थिक विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
जीएमआर समूह के नेतृत्व वाले विशाखापत्तनम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड ने इस नई सेवा की घोषणा की है। दिल्ली और विशाखापत्तनम के बीच सीधी उड़ान संचालित करने वाली आकाशा एयर इस मार्ग पर तीसरी विमानन कंपनी होगी। इससे सीटों की उपलब्धता बढ़ने, किराये में प्रतिस्पर्धा और यात्रियों को अपनी सुविधानुसार यात्रा की योजना बनाने में मदद मिलेगी।
ये रहेगा उड़ानों का समय
आकाशा एयर की उड़ान संख्या क्यू पी 1842 प्रतिदिन सुबह 5 बजकर 55 मिनट पर दिल्ली से रवाना होकर सुबह 8 बजकर 20 मिनट पर विशाखापत्तनम पहुंचेगी। वहीं, उड़ान संख्या क्यू पी 1843 सुबह 9 बजकर 5 मिनट पर विशाखापत्तनम से उड़ान भरकर सुबह 11 बजकर 30 मिनट पर दिल्ली पहुंचेगी।
जीएमआर विशाखापत्तनम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कंवरबीर सिंह कालरा ने कहा कि दिल्ली के लिए नई सीधी सेवा हवाई संपर्क मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे यात्रियों की सुविधा बढ़ेगी तथा पर्यटन, व्यापार और क्षेत्रीय विकास को प्रोत्साहन मिलेगा। दिल्ली सरकारी कामकाज, शिक्षा, कारोबार और पर्यटन का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में नई उड़ान सेवा यात्रियों के लिए सुविधाजनक विकल्प साबित हो सकती है।












