नई दिल्ली: कुंडा में चल रही रामकथा के मंच से बाबा बागेश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने ऐसा ऐलान किया है, जिसकी चर्चा ब्रजमंडल से लेकर उत्तर प्रदेश की राजनीति तक हो रही है। कथा के दूसरे दिन उन्होंने कहा कि वह 21 नवंबर को बांके बिहारी के दर्शन करने जाएंगे। यह सुनते ही पंडाल में श्रद्धालुओं ने तालियां बजाईं और जयकारे लगाए। हालांकि, धीरेंद्र शास्त्री ने साफ किया कि मंदिर जाने का उद्देश्य किसी राजनीतिक दल को फायदा पहुंचाना नहीं है।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि कृष्ण उनके लिए आस्था का केंद्र हैं और समाज को जाति के आधार पर बांटना ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि यादवों में उन्हें माधव और माधव में यादव नजर आते हैं। उनके मुताबिक, कथा का मकसद लोगों को एकजुट करना और भेदभाव से ऊपर उठने का संदेश देना है। उन्होंने यह भी कहा कि बांके बिहारी के दर्शन के बाद वह मथुरा में औरंगजेब से जुड़ी निशानी को हटाने और भगवान कृष्ण के भव्य मंदिर में विराजमान होने का संकल्प लेंगे।
चुनावी कथा के आरोप पर क्या बोले धीरेंद्र शास्त्री?
कुंडा की रामकथा को चुनाव से जोड़ने पर धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि उनका आयोजन किसी चुनावी मकसद से नहीं है। उन्होंने कहा कि उनकी कथाएं हर साल होती हैं, लेकिन चुनाव का समय होने के कारण लोग इसे राजनीति से जोड़ रहे हैं। उनका दावा था कि कथा का उद्देश्य सनातन धर्म के लोगों को एकजुट करना है।धर्म के प्रचार की स्वतंत्रता पर उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 25 और 26 का जिक्र किया। उनका कहना था कि हर व्यक्ति को अपने धर्म और परंपराओं के पालन और प्रचार का अधिकार है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर किसी कथा पर रोक की बात होती है, तो नमाज और चर्च की प्रार्थना को लेकर भी यही सवाल उठना चाहिए।
पाकिस्तान से हिंदुओं को भारत लाने की बात
धीरेंद्र शास्त्री ने भारत में डर महसूस करने वाले कुछ लोगों पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि देश में मजबूत सेना और नेतृत्व होने के बावजूद कुछ लोग डर महसूस करते हैं। इसके बाद उन्होंने पाकिस्तान में रह रहे हिंदुओं का मुद्दा उठाया। उनके मुताबिक, जो हिंदू भारत आना चाहते हैं, उन्हें यहां आने और नागरिकता पाने का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि उसी दिन 500 परिवार भारत आए हैं और ऐसे लोगों को नागरिकता देने की बात कही। इसे अपना मत बताते हुए उन्होंने कहा कि देश को इस पर विचार करना चाहिए।












