POK में भड़की बगावत से घिरी शहबाज सरकार, हालात संभालने मैदान में उतरे नवाज और मरियम शरीफ

0
11

नई दिल्ली: पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। महीनों से चल रहे आंदोलन में सुरक्षा बलों की कार्रवाई से कई प्रदर्शनकारियों की जान जा चुकी है। इसी दबाव के बीच अब शरीफ परिवार के तीन सबसे बड़े चेहरे एक साथ मैदान में उतर आए हैं। पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ, मौजूदा प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज मुजफ्फराबाद पहुंचे हैं।

यह दौरा ऐसे वक्त पर हो रहा है, जब स्थानीय प्रशासन आंदोलन के सामने बुरी तरह दबाव में है। माना जा रहा है कि शरीफ परिवार की यह एकजुट मौजूदगी सिर्फ औपचारिक दौरा नहीं है, बल्कि हालात को संभालने की आखिरी कोशिश है।

पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक तीनों नेताओं ने मुजफ्फराबाद में स्थानीय नेताओं से लंबी बातचीत की। इस बैठक में प्रदर्शनकारियों की मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई। हालात को सामान्य बनाने, विकास और लोगों के कल्याण पर भी बात हुई। सरकार की तरफ से यह संदेश देने की कोशिश की गई कि वह लोगों की नाराजगी को समझ रही है और बातचीत से रास्ता निकालना चाहती है। लेकिन जमीन पर गुस्सा अभी भी कम नहीं हुआ है।

रावलकोट बना आंदोलन का सबसे बड़ा केंद्र

जम्मू-कश्मीर जॉइंट आवामी ऐक्शन कमेटी के नेतृत्व में चल रहा यह आंदोलन अब सिर्फ एक जगह तक सीमित नहीं रहा। रावलकोट इस आंदोलन का सबसे बड़ा केंद्र बन गया है। वहां प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच लगातार झड़पें हो रही हैं, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई है।
आंदोलनकारी राजनीतिक और आर्थिक प्रतिनिधित्व बढ़ाने, बुनियादी सुविधाओं और अपने हक की मांग कर रहे हैं। शुरुआत में प्रशासन ने सख्ती से इस आंदोलन को दबाने की कोशिश की, लेकिन इससे हालात और बिगड़ गए।

नवाज की एंट्री क्यों है अहम?

पाकिस्तान की राजनीति में नवाज शरीफ को आज भी बड़ा चेहरा माना जाता है। तीन दशक से ज्यादा समय से सक्रिय नवाज को इमरान खान के हटने के बाद प्रधानमंत्री बनने का सबसे प्रबल दावेदार माना जा रहा था। लेकिन सत्ता के समीकरण ऐसे बदले कि उनके छोटे भाई शहबाज शरीफ प्रधानमंत्री बन गए और भतीजी मरियम नवाज पंजाब की मुख्यमंत्री।

सेना के दबाव में भले ही नवाज को प्रधानमंत्री की कुर्सी न मिली हो, लेकिन पार्टी प्रमुख के तौर पर उनका कद आज भी बड़ा है। यही वजह है कि PoK के संकट के समय उन्हें आगे किया गया है। पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक अब प्रशासन बातचीत के जरिए गतिरोध खत्म करना चाहता है। प्रदर्शनकारियों की मांगें मानने और धरना खत्म कराने को इस बातचीत को अहम कदम माना जा रहा है। लेकिन सवाल यही है कि क्या शरीफ परिवार की यह एकजुटता PoK की जनता का गुस्सा शांत कर पाएगी, या यह आंदोलन और बड़ा रूप लेगा?

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here