गेस्टहाउस की चौथी मंजिल से गिरे दो मजदूर, महिला की मौत

0
10

वृंदावन: रमणरेती क्षेत्र में रविवार को एक गेस्टहाउस की मरम्मत के दौरान बड़ा हादसा हो गया। चार मंजिला इमारत की चौथी मंजिल का छज्जा अचानक टूटकर नीचे बनी गौशाला में जा गिरा। इस दौरान वहां काम कर रहे दो मजदूर नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने महिला मजदूर को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल मजदूर की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए और जांच शुरू कर दी।

चौथी मंजिल का छज्जा गिरा, महिला मजदूर की मौत

हादसा रमणरेती क्षेत्र में जगद्गुरु कृपालु जी के पुराने मंदिर के समीप स्थित राधे कृष्णा भवन में हुआ। यहां मरम्मत का काम कराया जा रहा था। रविवार सुबह ठेकेदार चार दिहाड़ी मजदूरों को लेकर काम कराने पहुंचा था। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे चौथी मंजिल पर तोड़फोड़ का काम चल रहा था। इसी दौरान छज्जे में दरार पड़ने लगी। इससे पहले कि मजदूर कुछ समझ पाते, छज्जा भरभराकर नीचे गिर पड़ा। इसके साथ ही दीवार के पास काम कर रहे महिला और पुरुष मजदूर भी नीचे जा गिरे। अचानक हुए हादसे से मौके पर अफरातफरी मच गई।

अस्पताल में महिला को मृत घोषित किया

आसपास मौजूद लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल रामकृष्ण मिशन अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने करीब 40 वर्षीय महिला मजदूर रचना को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल 32 वर्षीय कप्तान पुत्र गोपी निवासी ग्राम बाटी का उपचार चल रहा है। हादसे की सूचना पर कोतवाली पुलिस अस्पताल पहुंची और घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। महिला मजदूर की मौत की खबर से मौके पर मौजूद लोगों में शोक छा गया।

पुलिस अधिकारियों ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

सूचना मिलने पर एसपी सिटी राजीव सिंह भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल मजदूर के स्वास्थ्य की जानकारी लेते हुए चिकित्सकों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर, सीओ संदीप सिंह और कोतवाली प्रभारी अश्विनी कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के संबंध में जानकारी जुटाई। सीओ संदीप सिंह ने बताया कि मामले से जुड़ी जानकारी एकत्र की जा रही है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

Reported By: Prem Kaushik

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here