मिशन शक्ति 6.0: नारी शक्ति के सम्मान में सजा मंच, प्रेरणादायी महिलाओं और बालिकाओं का हुआ सम्मान

0
13

ग्रेटर नोएडा: नारी शक्ति के हौसलों को नई उड़ान देने और महिला सशक्तिकरण की अलख जगाने के लिए गौतमबुद्धनगर पुलिस ने मिशन शक्ति अभियान 6.0 के तहत सम्मान का मंच सजाया। सेक्टर-108 स्थित पुलिस आयुक्त कार्यालय के सभागार में आयोजित समारोह में उन महिलाओं और बालिकाओं को सम्मानित किया गया जिन्होंने शिक्षा, सामाजिक सहयोग और स्वावलंबन के क्षेत्र में अपने प्रेरणादायी कार्यों से समाज में सकारात्मक बदलाव की मिसाल पेश की है।

पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में महिला सुरक्षा सम्मान और आत्मनिर्भरता का संदेश गूंजा। समारोह में महिला सुरक्षा की पुलिस उपायुक्त सुनिति ने अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रियंका सिंह और महिला सुरक्षा की अपर पुलिस उपायुक्त मनीषा सिंह के साथ विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं एवं बालिकाओं को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया।

सम्मान से बढ़ा हौसला आत्मनिर्भरता को मिला संबल

समारोह के दौरान अधिकारियों ने महिलाओं और बालिकाओं की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि समाज की प्रगति में उनकी भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। शिक्षा से लेकर सामाजिक सहयोग और आत्मनिर्भरता तक हर क्षेत्र में महिलाओं की सक्रिय भूमिका समाज को नई दिशा देती है। सम्मानित प्रतिभाओं को भविष्य में भी अपने कार्यों के माध्यम से दूसरों के लिए प्रेरणास्रोत बनने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम में महिला सुरक्षा के सहायक पुलिस आयुक्त, महिला कल्याण विभाग के अधिकारी विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि सामाजिक संगठनों के सदस्य, चाइल्डलाइन के प्रतिनिधि सम्मानित महिलाएं एवं बालिकाएं और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

सुरक्षा के साथ अधिकारों के प्रति जागरूकता पर जोर

मिशन शक्ति अभियान 6.0 का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा की भावना मजबूत करना, उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना और जरूरत पड़ने पर उपलब्ध सहायता सेवाओं तक उनकी पहुंच सुनिश्चित करना है। गौतमबुद्धनगर पुलिस विभिन्न विभागों और आमजन के सहयोग से महिला सुरक्षा एवं जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रम लगातार आयोजित कर रही है। यह समारोह केवल सम्मान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने संदेश दिया कि जब महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा अवसर और प्रोत्साहन मिलता है, तो उनकी प्रतिभा पूरे समाज की ताकत बन जाती है।

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here