भारत में बांग्लादेश और फ्रांस जैसी हिंसा की तैयारी का आरोप, किरेन रिजिजू ने विपक्ष को घेरा

0
11

नई दिल्ली: दुनिया के कई देशों में हिंसा और विरोध प्रदर्शन का दौर जारी है। फ्रांस में बड़े पैमाने पर आंदोलन हो रहा है, जहां कई जगहों पर आगजनी और लूटपाट की घटनाएं सामने आई हैं। इसी तरह बांग्लादेश में भी हाल ही में हिंसक घटनाएं हुई हैं। अब इन घटनाओं को लेकर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भारत में चल रहे प्रदर्शनों पर निशाना साधा है।

‘सत्ता परिवर्तन सिर्फ चुनाव से’

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि बांग्लादेश और फ्रांस में हुई हिंसा जैसी साजिश भारत में भी रची गई थी। उन्होंने लिखा, “बांग्लादेश में हुई हिंसक घटना और फ्रांस में जो दंगे, आगजनी और लूटपाट हुईं, ठीक वैसी ही साजिश भारत के लिए भी रची गई थी। भारत-विरोधी गिरोहों और कुछ राजनेताओं ने मिलकर युवाओं को भड़काने और सड़कों पर हिंसा फैलाने की योजना बनाई थी।”

रिजिजू ने आगे लिखा, “लेकिन इस खतरनाक साजिश को रचने वाले भूल गए कि भारत न तो बांग्लादेश है और न ही फ्रांस। भारत में सत्ता परिवर्तन बिल्कुल हो सकता है, लेकिन केवल चुनावों के जरिए, सोरोस के जरिए नहीं।”

उन्होंने अपने पोस्ट के साथ एक वीडियो भी शेयर किया, जिसमें नेहा बोरा के बांग्लादेश के युवाओं को धन्यवाद देने वाले क्लिप, प्रशांत भूषण के ‘रिजीम चेंज’ वाले बयान और जुलाई-अगस्त के प्रदर्शनों के वीडियो शामिल हैं।

पहले भी कर चुके हैं हमला

यह पहली बार नहीं है जब रिजिजू ने इस मुद्दे पर बयान दिया हो। 15 अक्टूबर को उन्होंने एक्स पर लिखा था, “लड़ाई की रेखा खिंच चुकी है। एक तरफ दिमागी नक्सली हैं और दूसरी तरफ देशभक्त भारतीय। एक तरफ संविधान में विश्वास रखने वाले लोग हैं और दूसरी तरफ अराजकतावादी।” वहीं 17 अक्टूबर को उन्होंने ‘रिजीम चेंज’ की बात करने वालों पर हमला बोलते हुए कहा था, “बड़े आए रिजीम चेंज करने वाले! कान खोलकर सुन लो, भारत बांग्लादेश नहीं है।” उन्होंने कहा था कि भारतीय युवा मूर्ख नहीं हैं, वे देश को बनाने का काम कर रहे हैं, तोड़ने का नहीं। युवा आज मेडल जीत रहे हैं और स्किलिंग, इनोवेशन, स्टार्टअप और टेक्नोलॉजी में आगे बढ़ रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here