मथुरा: समाजवादी पार्टी की पूर्व महानगर अध्यक्ष रितु गोयल की मुश्किलें बढ़ गई हैं। आजाद नगर निवासी मनीष आजाद की शिकायत पर शहर कोतवाली पुलिस ने रितु गोयल, उनके बाउंसरों और अन्य साथियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। शिकायतकर्ता ने मारपीट, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने, रंगदारी मांगने और जान से मारने की कोशिश करने समेत कई गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले की जांच सीओ को सौंपी गई है।
मारपीट और जातिसूचक गालियां देने का आरोप
शिकायत के अनुसार, घटना 19 अगस्त की है। मनीष आजाद अपने साथी देवीनंदन कश्यप के साथ बरारी स्थित देवी मंदिर हनुमान बगीची के पास खड़े थे। इसी दौरान एक बैठक से लौट रहीं रितु गोयल ने कथित तौर पर अपनी गाड़ी रुकवाई। आरोप है कि उन्होंने अपने साथ मौजूद दो बाउंसरों और एक अन्य व्यक्ति को बुलाकर दोनों को पकड़वा लिया। इसके बाद उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। पीड़ित का आरोप है कि इस दौरान जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए उन्हें अपमानित किया गया।
साफे से गला कसने और जान से मारने की धमकी का आरोप
मनीष आजाद ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि रितु गोयल के इशारे पर उनके साथियों ने गले में पड़े साफे को खींचकर फंदा बनाने की कोशिश की। इससे उनकी जान पर बन आई। शोर सुनकर मौके पर मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप किया और उन्हें बचाया। शिकायतकर्ता के मुताबिक, भीड़ जुटने पर आरोपी कथित तौर पर असलहे लहराते हुए जान से मारने की धमकी देकर वहां से चले गए।
पहले भी धमकी देने का लगाया आरोप
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि 22 अप्रैल 2026 को भी उन्हें फोन पर और मौखिक रूप से जातिसूचक शब्द कहकर धमकाया गया था। इस संबंध में पहले भी शिकायत की गई थी। मनीष आजाद ने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर आशंका जताते हुए पुलिस से सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है।
एसएसपी के निर्देश पर दर्ज हुई प्राथमिकी
मामले में मुख्यमंत्री कार्यालय में की गई शिकायत और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश के बाद शहर कोतवाली में संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले की जांच सीओ को सौंपी है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल, इस मामले में रितु गोयल या उनके पक्ष की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
Reported By: Prem Kaushik












