मथुरा: जमुनापार थाना क्षेत्र के सिहोरा गांव निवासी राजेश उर्फ राजन के अपहरण और हत्या के मामले में पुलिस ने रविवार तड़के मुठभेड़ के दौरान दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों के पैर में गोली लगी है। घायल आरोपियों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने उनके कब्जे से दो तमंचे, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद की है।
पानीगांव लिंक रोड पर चेकिंग और पुलिस-बदमाश मुठभेड़
पुलिस के अनुसार, रविवार तड़के करीब तीन बजे जमुनापार पुलिस और एसओजी की टीम पानीगांव लिंक रोड स्थित अंडरपास के पास निर्माणाधीन कृष्णा सिग्नेचर आवासीय कॉलोनी के सामने चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो दोनों बाइक लेकर निर्माणाधीन कॉलोनी की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो उनकी बाइक फिसलकर गिर गई। खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में राजन की हत्या और शव यमुना में फेंकने का खुलासा
पकड़े गए आरोपियों की पहचान सिहोरा गांव निवासी नवनीत और रवि कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने अपने साथियों के साथ मिलकर पांच अक्तूबर की रात करीब साढ़े नौ बजे विवाद के बाद राजन को गाड़ी में ले जाने की बात स्वीकार की। आरोपियों ने बताया कि वे राजन को शेरगढ़ थाना क्षेत्र में यमुना नदी में फेंक आए थे। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है और उनकी तलाश में जुटी है।
आरोपियों से अवैध असलहे बरामद, आगे की कानूनी कार्रवाई जारी
सीओ संदीप सिंह ने बताया कि राजन के अपहरण और हत्या के मामले में दोनों आरोपी वांछित थे। मुठभेड़ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके कब्जे से अवैध हथियार, कारतूस और बाइक बरामद हुई है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।











