गन्ने से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, नीचे दबकर किसान की मौत: गन्ना लेकर शुगर मिल जा रहे रणवीर की ट्रॉली को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर

0
3

मुज़फ़्फ़रनगर: मुज़फ़्फ़रनगर में दिल्ली देहरादून नेशनल हाईवे 58 पर गुरुवार अल सुबह सड़क हादसे में एक किसान की दर्दनाक तरीके से मौत हो गई। खेत से गन्ना लेकर शुगर मिल जा रहे किसान रणवीर की ट्रैक्टर-ट्रॉली को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद किसान ट्रैक्टर से नीचे गिरकर गन्ने से भरी ट्रॉली के नीचे दब गया। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों एवं किसानों की मदद से  कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। किसान की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।

अज्ञात वाहन की टक्कर से ट्रॉली पलटी

हादसा थाना मंसूरपुर क्षेत्र में नेशनल हाईवे-58 पर हुआ। जानकारी के अनुसार, किसान रणवीर खेत से गन्ना लेकर शुगर मिल में डालने जा रहा था। इसी दौरान गन्ने से भरी उसकी ट्रैक्टर-ट्रॉली को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रणवीर ट्रैक्टर से नीचे गिर गया और गन्ने से भरी ट्रॉली के नीचे दब गया।

ट्रॉली के नीचे दबने से किसान की मौत

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस ने काफी मशक्कत कर किसान को ट्रॉली के नीचे से बाहर निकाला। हादसे में उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

हाईवे पर लगा जाम, यातायात कराया सुचारू

हादसे के बाद हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने तत्काल ही क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को हटवाकर यातायात सुचारू कराया।

किसान की मौत से परिवार में मातम

उधर, किसान की मौत की खबर मिलने पर उसके परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। फिलहाल टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन के संबंध में कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

Reported By: Rohit 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here