दीपावली और छठ पर यात्रियों को राहत, 6 से 17 नवंबर तक चलेंगी अतिरिक्त बसें

0
7

मथुरा: दीपावली और छठ पूजा पर घर जाने वाले यात्रियों को परिवहन निगम ने राहत देने की तैयारी शुरू कर दी है। त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम छह से 17 नवंबर तक विशेष बस संचालन करेगा। इस दौरान प्रमुख मार्गों पर लगातार बसें चलाई जाएंगी। यात्रियों की संख्या बढ़ने पर संबंधित मार्गों पर तत्काल अतिरिक्त बसों की व्यवस्था भी की जाएगी।

अलीगढ़, जयपुर, नोएडा और बरेली रूट पर बढ़ाए जाएंगे बसों के फेरे

परिवहन निगम ने पांच दिवसीय दीपावली महोत्सव और छठ पूजा के मद्देनजर बस संचालन की कार्ययोजना तैयार की है। इसके तहत अलीगढ़, जयपुर, नोएडा और बरेली समेत प्रमुख मार्गों पर बसों के नियमित संचालन के साथ जरूरत के अनुसार अतिरिक्त फेरे लगाए जाएंगे। डिपो स्तर पर यात्रियों की संख्या और बसों की उपलब्धता पर लगातार नजर रखी जाएगी, ताकि किसी भी मार्ग पर यात्रियों को बसों की कमी का सामना न करना पड़े।

दीपावली और छठ पर यात्रियों के लिए 6 से 17 नवंबर तक चलेंगी विशेष बसें

त्योहारी सीजन में बसों का संचालन सुचारू रखने के लिए अधिकारियों, चालकों और परिचालकों की जिम्मेदारियां तय की जा रही हैं। विशेष संचालन अवधि में चालक-परिचालकों और अन्य कर्मचारियों को अवकाश नहीं दिया जाएगा। इसके साथ ही बसों की तकनीकी कमियों को दूर कराया जा रहा है, जिससे रास्ते में बसों के खराब होने की समस्या न आए। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यकता के अनुसार बसों के फेरे बढ़ाए जाएं।

यात्रियों की भीड़ बढ़ने पर तुरंत लगाई जाएंगी अतिरिक्त बसें

कार्यवाहक एआरएम विवेक अहिरवार ने बताया कि दीपावली और छठ पूजा पर यात्रियों की सुविधा के लिए छह से 17 नवंबर तक लगातार बसों का संचालन किया जाएगा। जिन मार्गों पर यात्रियों की संख्या अधिक होगी, वहां तत्काल अतिरिक्त बसें लगाई जाएंगी। यात्रियों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सभी तैयारियां की जा रही हैं।

 

Reported By: Prem Kaushik

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here