हापुड़: नाबालिग से जुड़े गंभीर मामले में फरार चल रहे आरोपी तक आखिरकार पिलखुवा पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने दुष्कर्म और नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में वांछित रंजीत उर्फ अनिकेत उर्फ जहरीला को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी उसके निवास स्थान से की गई। अब पुलिस उसके खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।
मुकदमा दर्ज होने के बाद से थी तलाश
क्षेत्राधिकारी पिलखुवा मुनीश चंद्र ने बताया एसपी मधुवन कुमार सिंह के निर्देशन में वांछितों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। मुकदमा संख्या 519/26 में पुलिस को आरोपी की तलाश थी। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रंजीत उर्फ अनिकेत उर्फ जहरीला पुत्र नवरत्न उर्फ निरोतन सिंह, निवासी नई मंडी सोटावाली गली, थाना हापुड़ देहात, जनपद हापुड़ के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक मामले में पॉक्सो एक्ट सहित विभिन धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज है। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस नियमानुसार आगे की कार्रवाई कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, जनपद में अपराध नियंत्रण और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी रहेगा।
Reported By: Mohit Gautam












