मथुरा: जनपद में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बुधवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की। गोष्ठी में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारी और थाना प्रभारी शामिल हुए। एसएसपी ने थाना और सर्किलवार कार्यों की समीक्षा करते हुए लंबित विवेचनाओं, शिकायतों और प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण करने के निर्देश दिए।
लंबित मामलों के शीघ्र एवं निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश
एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित मामलों के निस्तारण में अनावश्यक देरी न हो और प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखने के साथ ही जनपद में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली ऐसी होनी चाहिए, जिससे आमजन में सुरक्षा का भाव मजबूत हो और अपराधियों में कानून का भय बना रहे।
सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने व सतर्कता बरतने के निर्देश
गोष्ठी में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने, अपराधों की रोकथाम और पुलिस की सक्रियता बढ़ाने के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता बरतने और जिम्मेदारी के साथ पुलिसिंग करने को कहा।
Reported By: Prem Kaushik












