मथुरा: यमुना एक्सप्रेसवे पर सोमवार सुबह तेज रफ्तार डबल डेकर बस आगे चल रहे कंटेनर से टकरा गई। हादसे में बस सवार एक महिला की मौत हो गई, जबकि आठ यात्री घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और एक्सप्रेसवे सुरक्षाकर्मियों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसा सुरीर क्षेत्र में माइल स्टोन 77 के पास हुआ।
सुबह 5 बजे सुरीर के पास कंटेनर से टकराई बस, मची चीख-पुकार
पुलिस के अनुसार, लखनऊ से दिल्ली जा रही डबल डेकर बस में करीब 60 यात्री सवार थे। सोमवार सुबह लगभग पांच बजे बस सुरीर क्षेत्र में पहुंची, तभी आगे चल रहे कंटेनर से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही यमुना एक्सप्रेसवे के सुरक्षाकर्मी और सुरीर पुलिस मौके पर पहुंच गई। राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को बाहर निकाला गया।
हादसे में 8 यात्री घायल, दिल्ली निवासी महिला की दर्दनाक मौत
दुर्घटना में प्रेमचंद मौर्य, अजहर खान, लालमणि जायसवाल, किरण कुमारी, प्रियंका मौर्य, सौरभ, विशाल और उत्कर्ष मिश्रा घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए नौहझील अस्पताल ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने किरण कुमारी (पत्नी लालमणि), निवासी दिल्ली को मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया।
क्रेन से हटाई गई क्षतिग्रस्त बस, दूसरी बस से भेजे गए यात्री
थानाध्यक्ष अरुण कुमार ने बताया कि मृतका के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के बाद क्षतिग्रस्त बस को क्रेन की मदद से एक्सप्रेसवे से हटवाकर यार्ड में खड़ा कराया गया। बस में सवार अन्य यात्रियों को दूसरी बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाए जाने के बाद एक्सप्रेसवे पर यातायात सुचारू करा दिया गया।
Reported by: Prem Kaushik












