वृंदावन को फिर मिले ए-श्रेणी नगरपालिका का दर्जा, वार्ड-1 में चला हस्ताक्षर अभियान

0
7

वृंदावन: धार्मिक और सांस्कृतिक नगरी वृंदावन को नगर निगम से पृथक कर पुनः ए-श्रेणी नगरपालिका का दर्जा दिलाने की मांग जोर पकड़ने लगी है। इस मांग को लेकर वृंदावन ए-श्रेणी नगरपालिका जन अभियान मंच की ओर से बुधवार को वार्ड नंबर एक में जनजागरण एवं हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान मंच के पदाधिकारियों ने स्थानीय लोगों को नगरपालिका व्यवस्था के लाभ बताए और नगर निगम में शामिल होने के बाद शहर की व्यवस्थाओं को लेकर आ रही समस्याओं पर चर्चा की। बड़ी संख्या में नगरवासियों ने हस्ताक्षर कर इस मांग का समर्थन किया।

बदहाल व्यवस्थाओं और यमुना की दुर्दशा पर जताई चिंता

अभियान के दौरान लोगों ने शहर की बदहाल सीवर व्यवस्था, पेयजल संकट, टूटी सड़कों, सफाई व्यवस्था और यमुना की बिगड़ती स्थिति को लेकर चिंता जताई। नगरवासियों का कहना था कि देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु वृंदावन में दर्शन और भ्रमण के लिए पहुंचते हैं, लेकिन शहर की मूलभूत व्यवस्थाओं की स्थिति देखकर उन्हें निराशा होती है। धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व रखने वाले इस शहर की व्यवस्थाओं में स्थानीय जरूरतों के अनुरूप सुधार होना जरूरी है।

नगरपालिका मांग को घोषणा पत्र में शामिल करने वाले दल का ही समर्थन

मंच के जितेंद्र सिंह राणा ने कहा कि अभियान का उद्देश्य किसी राजनीतिक दल का विरोध करना नहीं, बल्कि वृंदावन का विकास और यहां की व्यवस्थाओं में सुधार कराना है। जो भी राजनीतिक दल वृंदावन को नगर निगम से अलग कर पुनः ए-श्रेणी नगरपालिका बनाने की मांग को अपने चुनावी घोषणा पत्र में शामिल करेगा और लिखित आश्वासन देगा, मंच उसका समर्थन करेगा। उन्होंने कहा कि वृंदावन की धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान अलग है। ऐसे में यहां की समस्याओं का समाधान भी स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए।

एकजुट होकर आवाज़ उठाने की अपील, कई गणमान्य रहे मौजूद

उन्होंने नगरवासियों से इस मुहिम में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि सभी समाजों, वर्गों और विचारधाराओं के लोग वृंदावन के हित में एकजुट होकर आवाज उठाएं। अभियान में प्रमोद खंडेलवाल, उदय सिंह, गोविंद शर्मा, उदयपाल सिंह, विजय सिंह दूध वाले, शैलेंद्र चौहान, ज्ञानी ठाकुर, गोपाल सिंह, विवेक आचार्य, तपेश पाठक, योगेश योगराज, धर्मेश खरे, रबी, राजू तोमर सहित अनेक नगरवासी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here