सरकार को महाराजा अग्रसेन के नाम पर स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (PGI) की स्थापना करनी चाहिए – बजरंग गर्ग

0
8

हिसार: अग्रोहा धाम वैश्य समाज के प्रतिनिधियों की मीटिंग अग्रोहा धाम वैश्य समाज के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष व हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग की अध्यक्षता में बरवाला में हुई। बजरंग गर्ग ने उपस्थित प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि हरियाणा के विकास के लिए सरकार को महाराजा अग्रसेन  के नाम पर स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (PGI) की स्थापना करनी चाहिए। भिवानी सहित पूरे पश्चिमी हरियाणा के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है। हरियाणा में PGI बनने से सिरसा, फतेहाबाद, आस पास जिला के अलावा पंजाब, राजस्थान के लाखों लोगों को  बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी।

हिसार-सिरसा रेल लाइन शीघ्र शुरू करने की मांग

बजरंग गर्ग ने कहा कि सरकार को अपनी घोषणा के अनुसार हिसार-फतेहाबाद-सिरसा को रेल लाइन से जोड़ने की दिशा में तुरंत कार्य शुरू करना चाहिए। हिसार-सिरसा लगभग 93 किलोमीटर रेल लाइन को केंद्र सरकार द्वारा वार्षिक बजट में मंजूरी दिए जाने के बावजूद आज तक धरातल पर कार्य शुरू नहीं हुआ है। जिससे वैश्य समाज सहित पूरे क्षेत्र के लोगों में भारी नाराजगी है। उन्होंने कहा कि कई रेल मंत्रियों द्वारा अग्रोहा धाम के मेले में हिसार-सिरसा रेल लाइन को जोड़ने की घोषणा की जा चुकी है, इसलिए अब सरकार को केवल घोषणाओं तक सीमित ना रहकर इस परियोजना को शीघ्र पूरा करना चाहिए। उन्होंने कहा कि रेल लाइन बनने से हिसार, फतेहाबाद और सिरसा के बीच व्यापार, उद्योग, कृषि तथा रोजगार को  बढ़ावा मिलेगा। इससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी और व्यापारियों एवं उद्योगपतियों के लिए नए अवसर पैदा होंगे।

महाराजा अग्रसेन जयंती को राष्ट्रीय पर्व घोषित करने की मांग

बजरंग गर्ग ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा महाराजा अग्रसेन जयंती को राष्ट्रीय पर्व घोषित किया जाए। महाराजा अग्रसेन केवल वैश्य समाज के ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत हैं। महाराजा अग्रसेन जी के शासनकाल में समानता, भाईचारे, सेवा, सहयोग और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को आगे बढ़ाने की भावना को मजबूत किया है। बजरंग गर्ग ने कहा कि आज देश को भी महाराजा अग्रसेन  जी के सिद्धांतों से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है। यदि समाज के सक्षम लोग जरूरतमंद परिवारों की शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य और आर्थिक सहायता के लिए आगे आएं तो देश में सामाजिक एवं आर्थिक असमानता को काफी हद तक कम किया जा सकता है।उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन के आदर्श आज भी पूरी तरह प्रासंगिक हैं और युवा पीढ़ी को उनके जीवन एवं सिद्धांतों से जोड़ने के लिए देशभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

शिक्षण एवं शोध संस्थान स्थापित करने की अपील

सरकार को महाराजा अग्रसेन  के नाम पर शिक्षण संस्थान, अस्पताल, विश्वविद्यालय एवं शोध संस्थान स्थापित करने की दिशा में भी ठोस कदम उठाने चाहिए। इस अवसर पर अग्रवाल संगठन प्रधान बजरंग जैन, संरक्षक ईश्वर चंद्र लोहिया, उप प्रधान विनोद मित्तल, कैलाश बागड़ी, जय भगवान बंसल, मन्नू गोयल, अनिल तायल, अजय बंसल, राधेश्याम सिंगला, राज खेड़ी वाला, संजय गर्ग, विपिन गर्ग, जयप्रकाश गर्ग, अमित गोयल, वीरेंद्र गुप्ता, प्रदेश संगठन मंत्री राजेंद्र बंसल आदि प्रतिनिधि भारी संख्या में मौजूद रहे।

 

Reported By: Praveen Kumar

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here