नशा तस्करों पर सीआईए रतिया का लगातार शिकंजा, रामनगर कॉलोनी क्षेत्र में एक और सफलता

0
8

रतिया: 3 अक्टूबर। रिम्पी जिन्दल नशा तस्करी के खिलाफ फतेहाबाद पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत अपराध जांच शाखा (सीआईए) रतिया ने लगातार दूसरी प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 3 किलो 700 ग्राम गांजा सहित काबू किया है। मामले का खुलासा डीएसपी रतिया श्री कुलवंत सिंह ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों के समक्ष किया।

एसपी निकिता खट्टर के निर्देशन में विशेष अभियान

डीएसपी श्री कुलवंत सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक फतेहाबाद श्रीमती निकिता खट्टर, आईपीएस* के दिशा-निर्देशन में जिलेभर में नशा तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में सीआईए रतिया की टीम ने रामनगर कॉलोनी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए आरोपी रामकुमार पुत्र बजीर पुत्र खेता राम निवासी बोस्ती, जिला फतेहाबाद को गिरफ्तार किया है।

संदिग्ध गतिविधि पर पुलिस की नजर

उन्होंने बताया कि सीआईए रतिया प्रभारी उपनिरीक्षक प्रदीप के नेतृत्व में एएसआई रामकुमार व उनकी टीम अपराधों की रोकथाम एवं संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी को लेकर रामनगर कॉलोनी क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को एक व्यक्ति हाथ में प्लास्टिक का कट्टा लिए आता दिखाई दिया। पुलिस टीम को देखकर वह अचानक वापस मुड़कर जाने लगा, जिस पर उसकी गतिविधि संदिग्ध प्रतीत हुई। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उक्त व्यक्ति को काबू किया तथा नियमानुसार तलाशी की कार्रवाई की। तलाशी के दौरान आरोपी के पास मौजूद प्लास्टिक कट्टे से 3 किलो 700 ग्राम गांजा बरामद हुआ।

सप्लाई नेटवर्क की जांच जारी

डीएसपी कुलवंत सिंह ने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ फतेहाबाद पुलिस की कार्रवाई लगातार और प्रभावी रूप से जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस केवल नशीला पदार्थ बरामद करने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे सक्रिय सप्लाई नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की पहचान पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस मामले में भी गांजा कहां से लाया गया था तथा इसकी आपूर्ति किन लोगों तक की जानी थी, इस संबंध में गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने सीआईए रतिया की टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र में नशा तस्करी से जुड़ी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और ऐसे मामलों में कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना शहर रतिया में मुकदमा नंबर 211 दिनांक 02.10.2026, धारा 20बी/61/85 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा।

Reported by: Rimpi Jindal

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here