पुलिस शहीदी पखवाड़े के तहत पुलिस लाइन में हुआ रोमांचक मुकाबला, डीएसपी जगदीश कुमार ने विजेता टीम को ट्रॉफी देकर किया सम्मानित

0
6

फतेहाबाद: देश और समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिस शहीदों की स्मृति में फतेहाबाद पुलिस द्वारा मनाए जा रहे पुलिस शहीदी पखवाड़े के तहत रविवार को पुलिस लाइन फतेहाबाद में क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक श्रीमती निकिता खट्टर, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में आयोजित इस खेल प्रतियोगिता के माध्यम से जहां वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया, वहीं खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने और युवाओं को नशे से दूर रहने का सकारात्मक संदेश भी दिया गया। इस अवसर पर डीएसपी श्री जगदीश कुमार, थाना शहर फतेहाबाद प्रभारी उपनिरीक्षक संजय कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। क्रिकेट मैच में खिलाड़ियों ने पूरे जोश, उत्साह और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मैदान पर खिलाड़ियों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के साथ आपसी तालमेल और टीम भावना भी देखने को मिली। मुकाबले के समापन पर डीएसपी श्री जगदीश कुमार ने विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया तथा सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

शहीदों का बलिदान हमारी प्रेरणा और कर्तव्यनिष्ठा का आधार : डीएसपी जगदीश कुमार

इस अवसर पर डीएसपी श्री जगदीश कुमार ने कहा कि देश की सुरक्षा, कानून व्यवस्था और आमजन की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर पुलिस जवानों का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। पुलिस शहीदी पखवाड़ा केवल शहीदों को याद करने का अवसर नहीं, बल्कि उनके साहस, त्याग और कर्तव्य के प्रति समर्पण से प्रेरणा लेने का भी अवसर है। उन्होंने कहा कि शहीदों के प्रति सच्चा सम्मान उनके आदर्शों को अपनाने और पूरी निष्ठा व ईमानदारी से समाज की सेवा करने में निहित है।

खेलों से जुड़ेंगे युवा तो नशे से बनेगी दूरी

डीएसपी जगदीश कुमार ने कहा कि खेल व्यक्ति को शारीरिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ मानसिक रूप से भी सशक्त बनाते हैं। खेल के मैदान में सीखा गया अनुशासन, धैर्य, आत्मविश्वास और टीम भावना जीवन की चुनौतियों का सामना करने की शक्ति प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि आज युवा पीढ़ी को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से बचाने के लिए खेलों से जोड़ना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और भविष्य को प्रभावित करता है, जबकि खेल युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देकर उन्हें स्वस्थ, अनुशासित और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हैं। युवाओं को चाहिए कि वे नशे से दूर रहकर अपनी प्रतिभा और ऊर्जा का उपयोग खेलकूद, शिक्षा तथा अन्य रचनात्मक गतिविधियों में करें।

पुलिस सेवा में शारीरिक फिटनेस और मानसिक मजबूती जरूरी

डीएसपी ने पुलिस कर्मचारियों को भी नियमित खेल गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पुलिस की चुनौतीपूर्ण ड्यूटी में शारीरिक फिटनेस, मानसिक दृढ़ता और आपसी समन्वय का विशेष महत्व है। ऐसे खेल आयोजन कर्मचारियों को तनावमुक्त रखने के साथ-साथ उनमें भाईचारे, अनुशासन और एकजुटता की भावना को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण पुलिस के साथ-साथ अभिभावकों, शिक्षकों, युवाओं और समाज के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी को मिलकर सकारात्मक प्रयास करने होंगे। कार्यक्रम के समापन पर वीर पुलिस शहीदों के अदम्य साहस, त्याग और बलिदान को नमन करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प दोहराया गया। साथ ही ‘शहीदों का सम्मान, नशामुक्त समाज का निर्माण’ और ‘खेल अपनाएं, नशे को हराएं’ के संदेश के साथ स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण का आह्वान किया गया।

Reported By: Rimpi Jindal

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here