‘वोट बचाओ, देश बचाओ’, राहुल गांधी ने रामलीला मैदान से फूंका बिगुल, केंद्र पर साधा निशाना

0
9

नई दिल्ली: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने वोट चोरी का आरोप लगाते हुए केंद्र और चुनाव आयोग पर बड़ा हमला बोला है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्होंने कहा कि हमारा वोट चुराया जा रहा है और हम इसे किसी भी हालत में चुपचाप सहन नहीं करेंगे। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि मतदाता सूचियों से नाम हटाए गए, नियम-कानून तोड़े गए और जब सवाल पूछा गया तो लाठियां चलाई गईं। अब इसका जवाब देश देगा।

रामलीला मैदान में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली

उन्होंने 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ जन मार्च और महारैली का आह्वान किया है। राहुल ने कहा, “छात्र, किसान, मजदूर, महिलाएं, युवा और व्यापारी, जिसे भी लोकतंत्र की चिंता है, वह इस मार्च में जरूर शामिल हो। वोट आपका है, लड़ाई भी आपकी है।” कांग्रेस ने इस प्रदर्शन को ‘वोट चोरी’ के खिलाफ विपक्ष का अब तक का सबसे बड़ा विरोध प्रदर्शन बताया है।

CEC के खिलाफ ‘पब्लिक इम्पीचमेंट’ करेगा INDIA ब्लॉक

इस बीच INDIA ब्लॉक ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोलने की तैयारी कर ली है। विपक्षी गठबंधन 30 अक्टूबर को CEC के खिलाफ ‘पब्लिक इम्पीचमेंट’ करेगा। इस कार्यक्रम को ‘मॉक संसद’ के रूप में आयोजित किया जाएगा।

होटल अशोक में होगी मॉक संसद 

यह कार्यक्रम दिल्ली के होटल अशोक में होगा, जिसमें विपक्षी दलों के सांसद और बड़े नेता शामिल होंगे। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बताया कि पब्लिक इम्पीचमेंट के अगले दिन यानी 1 नवंबर को INDIA ब्लॉक ‘दिल्ली चलो मार्च’ निकालेगा, जो रामलीला मैदान तक जाएगा। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल खड़े हो रहे हैं और विपक्ष जनता के बीच जाकर लोकतंत्र बचाने की लड़ाई लड़ेगा। राहुल गांधी के आह्वान के बाद कांग्रेस और INDIA ब्लॉक के अन्य दल इस महारैली को बड़ी ताकत दिखाने के मौके के तौर पर देख रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here