कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने रतिया अनाज मंडी का किया दौरा, किसानों की समस्याएं सुनीं

0
9

रतिया: हरियाणा के कृषि मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने रविवार को रतिया अनाज मंडी का दौरा कर किसानों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने किसान संगठनों के प्रतिनिधियों और किसानों से बातचीत की तथा फसल खरीद से संबंधित उनकी समस्याओं को समझते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही। कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की फसल खरीद को लेकर गंभीर है और किसानों को मंडियों में किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए।

विदेश से लौटते ही CM सैनी का बड़ा फैसला, किसानों की फसल का खरीदा जाएगा एक-एक दाना

कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने विदेश दौरे से लौटने के बाद सबसे पहले किसानों की फसल खरीद से संबंधित विषय पर निर्णय लिया कि किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदा जाए। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि किसानों की मेहनत से तैयार फसल की खरीद सुनिश्चित हो और किसी भी किसान को अपनी उपज बेचने में परेशानी का सामना न करना पड़े।

वास्तविक उत्पादन के अनुसार होगी खरीद, जांच के बाद समाधान

उन्होंने बताया कि कई बार खेत में वास्तविक उत्पादन पोर्टल पर दर्ज औसत या अनुमानित मात्रा से अधिक हो जाता है। ऐसी स्थिति में किसानों को घबराने की आवश्यकता नहीं है। यदि किसी किसान की फसल की मात्रा पोर्टल पर दर्ज आंकड़ों से अधिक है, तो वह अपनी संबंधित अनाज मंडी के सचिव से संपर्क कर अपनी समस्या के बारे में जानकारी दे। मामले की जांच कर नियमानुसार समाधान किया जाएगा, ताकि वास्तविक उत्पादन के अनुरूप फसल खरीद की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके।

किसान संगठनों की सुनी समस्याएं, खरीद प्रक्रिया को सुचारू बनाने के कड़े निर्देश

कृषि मंत्री ने किसान संगठनों के प्रतिनिधियों की समस्याओं को भी ध्यानपूर्वक सुना और संबंधित विषयों पर बातचीत की। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। फसल खरीद प्रक्रिया को सुचारू बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को किसानों की वास्तविक समस्याओं पर ध्यान देने और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे फसल खरीद से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान के लिए संबंधित मंडी सचिव और अधिकारियों से संपर्क करें। सरकार का उद्देश्य है कि मंडियों में खरीद प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से चले तथा किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की अनावश्यक दिक्कत न आए।

बैठक में जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे उपस्थित

इस अवसर पर रतिया कांग्रेसी विधायक जरनैल सिंह   फतेहाबाद जिलाध्यक्ष प्रवीन जोड़ा, हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम चेयरमैन बलदेव सिंह ग्रोहा, रतिया एसडीएम सुरेन्द्र सिंह, मार्केट कमेटी सचिव ओपी चहल, शहरी मंडल अध्यक्ष अंकित सिंगला, प्रमोद बंसल, व्यापार मंडल प्रधान दर्शन गर्ग, सुनील इंदौरा, सुखविंद्र सिंह गोयल, गुरचरण सिंह खोखर सहित संबंधित अधिकारी व गणमान्य नागरिक मौजूद रहें।

Reported By: Rimpi Jindal

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here