हिसार: हिसार पुलिस द्वारा छीना-झपटी और अन्य आपराधिक वारदातों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस चौकी अर्बन एस्टेट की टीम ने मोटरसाइकिल छीनकर ले जाने के मामले में आरोपी ऋतिक निवासी उकलाना को गिरफ्तार कर छीना गया मोटरसाइकिल बरामद किया है। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
क्या था पूरा मामला?
पुलिस चौकी अर्बन एस्टेट प्रभारी उप निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि शिकायतकर्ता कुलबीर निवासी डोभी की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। शिकायत के अनुसार, 15 अक्टूबर को वह अपने मोटरसाइकिल पर किसी काम से बाजार आया था। लक्ष्मी चौक के पास उसे चक्कर आने लगे। इसी दौरान आरोपी ने उसे मेडिकल स्टोर से दवाई दिलवाई और बाद में खादई वस्त्र भंडार से कपड़े भी दिलवाए। आरोप है कि इसके बाद आरोपी शिकायतकर्ता का मोटरसाइकिल और कपड़े लेकर मौके से फरार हो गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।जांच के दौरान पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी ऋतिक को उकलाना से गिरफ्तार किया तथा छीना गया मोटरसाइकिल बरामद कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक हिसार के निर्देशानुसार अपराधियों पर कार्रवाई जारी
पुलिस अधीक्षक हिसार सिद्धान्त जैन, IPS के निर्देशानुसार जिले में छीना-झपटी, लूटपाट और अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। हिसार पुलिस की स्पष्ट चेतावनी है कि किसी व्यक्ति की परेशानी, बीमारी या मजबूरी का फायदा उठाकर आपराधिक वारदात करने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ऐसे मामलों में शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का प्रयास करती है। हिसार पुलिस आमजन से अपील करती है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपराधिक घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। हिसार पुलिस — अपराधियों पर शिकंजा, आमजन की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता।
Reported By: Praveen Kumar












