रतिया: हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने कहा कि हरियाणा खेलों को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है। प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए देश और प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा गतका को खेलो इंडिया में शामिल करना इस पारंपरिक खेल को नई पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे खिलाड़ियों को आगे बढ़ने, अपनी प्रतिभा निखारने और बड़े मंच पर अपनी पहचान बनाने की प्रेरणा मिल रही है।
रतिया में 10वीं नेशनल गतका चैंपियनशिप का आगाज, पहुंचे मंत्री रणबीर गंगवा
कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा रतिया स्थित गुरु नानक डिफेंस एंड स्पोर्ट्स एकेडमी में गतका फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित सब-जूनियर एवं जूनियर नेशनल गतका चैंपियनशिप-2026 में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने देश के विभिन्न प्रदेशों से आए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया तथा प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए गतका फेडरेशन ऑफ इंडिया और आयोजकों के प्रयासों की सराहना की। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देश के 21 प्रदेशों से एक हजार से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जो गतका खेल के प्रति युवाओं के बढ़ते उत्साह और रुचि को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि के तौर पर पहुंचे गंगवा, खिलाड़ियों को दी शुभकामनाएं
कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी को पहुंचना था, लेकिन विदेश दौरे पर होने के कारण उनके प्रतिनिधि के रूप में उन्हें यहां आने का अवसर मिला है। उन्होंने मुख्यमंत्री की ओर से प्रतियोगिता में भाग ले रहे सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, कोच और अभिभावकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ दूसरे राज्यों के खिलाड़ियों से सीखने और अपने खेल कौशल को बेहतर बनाने का अवसर प्रदान करती हैं।
गतका पारंपरिक मार्शल आर्ट, युवाओं में भरता है साहस और अनुशासन
उन्होंने कहा कि गतका भारत की पारंपरिक मार्शल आर्ट विधा है, जो शारीरिक दक्षता, अनुशासन, आत्मविश्वास, साहस और एकाग्रता को बढ़ावा देती है। इस खेल के माध्यम से युवा अपनी शारीरिक क्षमता का विकास करने के साथ-साथ भारतीय संस्कृति और परंपराओं से भी जुड़ते हैं। गतका को राष्ट्रीय स्तर पर प्रोत्साहन मिलने से इस खेल के प्रति युवाओं का आकर्षण बढ़ेगा और अधिक से अधिक खिलाड़ी इसे अपने करियर के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित होंगे।
खेल जगत में हरियाणा के खिलाड़ियों का दबदबा, सरकार दे रही सुविधाएं
श्री रणबीर गंगवा ने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर खेल जगत में विशेष पहचान बनाई है। प्रदेश के खिलाड़ी विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक जीत रहे हैं। हरियाणा सरकार भी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक सोच विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
खेल भावना से खेलें खिलाड़ी, कोच और अभिभावकों के सहयोग की सराहना
उन्होंने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लें, जीत और हार से सीख लेते हुए अपने प्रदर्शन में निरंतर सुधार करें तथा भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने का लक्ष्य निर्धारित करें। उन्होंने कोच और अभिभावकों की भूमिका की भी सराहना करते हुए कहा कि खिलाड़ियों की सफलता के पीछे उनके प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग का महत्वपूर्ण योगदान होता है।
सिख परंपरा और गतका की गौरवशाली विरासत पर दादूवाल का संबोधन
इस अवसर पर गुरु नानक डिफेंस एंड स्पोर्ट्स एकेडमी, रतिया में गतका फेडरेशन ऑफ इंडिया के सहयोग से आयोजित 10वीं राष्ट्रीय सब-जूनियर एवं जूनियर गतका चैंपियनशिप-2026 में हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के चेयरमैन जत्थेदार बलजीत सिंह दादूवाल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सिख परंपरा में गतका के महत्व, गुरु की फौज की गौरवशाली विरासत तथा इस पारंपरिक मार्शल आर्ट को बढ़ावा देने के विषय पर अपने विचार रखे।
रतिया के लिए गौरव का पल और खेल संस्कृति को बढ़ावा
उन्होंने कहा कि रतिया में राष्ट्रीय स्तर की गतका चैंपियनशिप का आयोजन क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। इस तरह के आयोजन न केवल खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देते हैं, बल्कि क्षेत्र में खेल संस्कृति को मजबूत करने और युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने में भी सहायक सिद्ध होते हैं। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग ले रहे सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और आयोजकों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
समारोह में प्रमुख नेताओं और अधिकारियों की मौजूदगी
इस अवसर पर भजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रविंद्र सिंह बलियाला, पूर्व विधायक लक्ष्मण नापा, रतिया एसडीएम सुरेन्द्र सिंह, गतका फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रधान राजिंदर सिंह सोहल, महासचिव बलजीन्द्र सिंह, प्रेसिडेंट गतका एसोसिएशन ऑफ हरियाणा सरवन सिंह, रणधीर सिंह, जिले सिंह, सुरेश मेहता, विनोद बंसल, क्रिति, गुरमुख, सुभाष खिलेरी, उधय सिंह, डॉ नैब सिंह मंडेर, नरेश, संजय सहित गणमान्य नागरिक व खिलाड़ी मौजूद रहे।
Reported By: Rimpi Jindal











