नशे की खेप के साथ दो महिलाएं गिरफ्तार; बवाना में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 12.205 किलो संदिग्ध गांजा बरामद, दो मोबाइल फोन भी जब्त

0
4

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बाहरी उत्तरी जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बवाना से दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 12 किलो 205 ग्राम संदिग्ध गांजा और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस कार्रवाई के बाद नशे की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की तलाश तेज कर दी गई है।

संदिग्ध गतिविधि ने खोला राज

बाहरी उत्तरी जिला डीसीपी सी शोभित डी सक्सेना ने बताया कि थाना नरेला औद्योगिक क्षेत्र की टीम शाम के समय नियमित गश्त कर रही थी। इसी दौरान बवाना की बी-ब्लॉक स्थित जेजे कॉलोनी में राजस्थानी मंदिर वाली गली के पास दो महिलाएं संदिग्ध तरीके से बैग लेकर जाती दिखाई दीं। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को रोककर तलाशी ली। बैग खुलते ही उसमें संदिग्ध गांजा बरामद हुआ।

दोनों के बैग से मिली नशे की खेप

गिरफ्तार महिलाओं की पहचान 35 वर्षीय मरजीना और 19 वर्षीय कृष्णा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, मरजीना के कब्जे से 6.106 किलो और कृष्णा के पास से 6.099 किलो गांजा बरामद किया गया। कुल बरामदगी 12.205 किलो रही। दोनों के मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

सप्लाई नेटवर्क पर पुलिस का शिकंजा

इस मामले में थाना नरेला औद्योगिक क्षेत्र में एफआईआर संख्या 674/2026 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। न्यायिक मजिस्ट्रेट से आवश्यक अनुमति लेने के बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर दोनों को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में मरजीना ने कथित तौर पर कमलेश उर्फ राजू उर्फ बाबा और उसके साथियों के निर्देश पर गांजे की खरीद और सप्लाई में शामिल होने की बात बताई है। पुलिस इस खुलासे का सत्यापन कर रही है और सप्लाई के स्रोत से लेकर पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

कार्रवाई करने वाली टीम

एसीपी राकेश कुमार की निगरानी तथा थाना प्रभारी मनोज कुमार के नेतृत्व में एसआई मोहित, एएसआई बलराज, हेड कांस्टेबल नवीन, कांस्टेबल गौरव और महिला कांस्टेबल ज्योति की टीम ने यह कार्रवाई की। डीसीपी शोभित डी. सक्सेना ने बताया कि नशे के कारोबार में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

 

Reported By: Pankaj Rai 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here