
नई दिल्ली: राजधानी में कारोबारियों और बार संचालकों को दहशत में डालकर रंगदारी वसूलने का सपना देखने वाले बदमाशों के मंसूबों पर मध्य जिला पुलिस ने पानी फेर दिया। पहाड़गंज के क्वीन बार में गोलियां बरसाकर फरार हुए तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपी सतिंदर उर्फ कांटा को सोनिया विहार में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ के बाद दबोचा गया।
गोलीबारी में उसके बाएं पैर में गोली लगी जबकि बदमाशों की ओर से चलाई गई दो गोलियां उपनिरीक्षक रविंदर की बुलेटप्रूफ जैकेट पर जा लगीं। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई कर आरोपी को काबू कर लिया। उसके दो साथी जितेश उर्फ गोला और अमित गोहर को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
बार में दहशत, रंगदारी की साजिश
मध्य जिला पुलिस मुख्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान डीसीपी रोहित राजवीर सिंह ने बताया कि 16 और 17 नवंबर की दरमियानी रात करीब 11:55 बजे पहाड़गंज के पंचकुइयां रोड स्थित क्वीन बार में सतिंदर उर्फ कांटा जितेश और उनके साथी पहुंचे। आरोप है कि उनका मकसद बार संचालक से रंगदारी वसूलना था। कहासुनी के बाद आरोपियों ने दो राउंड फायरिंग की और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस और क्राइम टीम ने मौके का निरीक्षण किया। सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सोनिया विहार में आमना-सामना
मामले की गंभीरता देखते हुए विशेष स्टाफ और पहाड़गंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी निगरानी और मुखबिरों की मदद से मुख्य आरोपी की लोकेशन सोनिया विहार में मिली। पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो आरोपी ने तीन गोलियां चला दीं। दो गोलियां उपनिरीक्षक रविंदर की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगीं। पुलिस ने आत्मरक्षा में दो गोलियां चलाईं जिनमें एक आरोपी के बाएं पैर में लगी। घायल आरोपी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। उसके कब्जे से एक अत्याधुनिक पिस्तौल, तीन खाली कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।
छह मुकदमों वाला अपराधी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सतिंदर उर्फ कांटा (30), निवासी दरियापुर, जितेश उर्फ गोला (35), निवासी संत नगर, बुराड़ी और अमित गोहर (22), निवासी पहाड़गंज के रूप में हुई। मुख्य आरोपी पर हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत छह आपराधिक मामले दर्ज हैं। पूछताछ में बाजार में दहशत कायम कर बार और रेस्टोरेंट संचालकों से रंगदारी वसूलने की मंशा सामने आई है।
वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में ऑपरेशन
डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि एडिशनल डीसीपी प्रशांत गौतम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। अभियान में इंस्पेक्टर संदीप यादव के नेतृत्व वाली विशेष स्टाफ टीम तथा पहाड़गंज थाना पुलिस ने समन्वय के साथ काम किया। एसीपी ऑपरेशन पदम सिंह राणा और एसीपी पहाड़गंज धर्मपाल सिंह की निगरानी में कार्रवाई आगे बढ़ाई गई।
एसएचओ भूपेंद्र सिंह सहित उपनिरीक्षक सतीश, प्रताप सिंह, हरिओम, मोहित यादव, मुनेश शर्मा, राजवीर, विकास, अजय मलिक, सुमित श्योराण, तरुण, गरिमा, हर्ष, रविंदर, अमित, भागीरथ, शुभम, संगम, स्नेह, जगवीर, सुनील, विजय और दर्शन सहित पुलिसकर्मियों ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस अब हथियार के स्रोत, अन्य सहयोगियों और पूरे आपराधिक नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।









