अंग्रेजी नहीं बोल पाया वेटर तो ग्राहक ने जड़ दिया थप्पड़, फिर जो हुआ जानकर उड़ जाएंगे होश

0
14

नई दिल्ली: आगरा के ताज होटल में एक ग्राहक द्वारा वेटर को थप्पड़ मारने का मामला सामने आया है। आरोप है कि ग्राहक ने सिर्फ इसलिए वेटर पर हाथ उठा दिया, क्योंकि वह ठीक से अंग्रेजी नहीं बोल पा रहा था। इस घटना का खुलासा होटल का संचालन करने वाली कंपनी के जॉइंट मैनेजिंग डायरेक्टर पारितोष लधानी ने खुद सोशल मीडिया पर किया।

पारितोष लधानी ने लिंक्डइन पर पोस्ट लिखकर पूरी घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि होटल के रेस्टोरेंट में कांति नाम के वेटर एक ग्राहक को खाना परोस रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच बातचीत को लेकर कुछ गलतफहमी हो गई। कांति को अंग्रेजी बोलने में दिक्कत होती है, इसी बात से नाराज होकर ग्राहक ने गुस्से में उन्हें थप्पड़ जड़ दिया।

पारितोष के अनुसार यह घटना उनके लिए चौंकाने वाली थी। कांति अपना काम ईमानदारी से कर रहे थे, फिर भी उन्हें अपमान का सामना करना पड़ा। उन्होंने अपनी पोस्ट में साफ लिखा कि किसी भी ग्राहक को स्टाफ के साथ बदसलूकी करने या मारपीट करने का कोई हक नहीं है।

डर की वजह से नहीं की शिकायत

इस मामले का सबसे भावुक पहलू वेटर कांति की चुप्पी रही। थप्पड़ खाने के बाद भी उन्होंने मैनेजमेंट से कोई शिकायत नहीं की। जब पारितोष को किसी और जरिए से इस घटना का पता चला और उन्होंने कांति से पूछा तो उन्होंने वजह बताई। कांति आगरा के पास के एक गांव से आते हैं और उनका परिवार खेती करता है। ताज जैसे बड़े होटल में नौकरी मिलना उनके लिए सपने जैसा था। उन्हें डर था कि अगर वह ग्राहक की शिकायत करेंगे तो उनकी नौकरी चली जाएगी। इसी डर से उन्होंने सब कुछ सह लिया। पारितोष ने लिखा कि यह सुनकर उन्हें एहसास हुआ कि कई कर्मचारी नौकरी जाने के डर से अपमान भी चुपचाप सह लेते हैं और ऐसे में उनकी हिफाजत करना मैनेजमेंट की जिम्मेदारी बनती है।

ग्राहक पर आजीवन प्रतिबंध

मामले की सच्चाई पता चलते ही मैनेजमेंट ने सख्त कदम उठाया। पारितोष लधानी ने बताया कि घटना के अगले ही दिन आरोपी ग्राहक को होटल में हमेशा के लिए बैन कर दिया गया। अब वह दोबारा होटल में एंट्री नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि ग्राहक चाहे कितना भी अमीर या रसूखदार हो, उसे कर्मचारियों की बेइज्जती करने की इजाजत नहीं दी जा सकती। स्टाफ की इज्जत और सुरक्षा सबसे पहले है।

इस फैसले के बाद सोशल मीडिया पर पारितोष के कदम की जमकर तारीफ हो रही है। लोग कह रहे हैं कि ग्राहक होने का मतलब यह नहीं कि आप किसी कर्मचारी के साथ मारपीट करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here