एकतरफा प्यार में सनकी आशिक बना हैवान, शादी से इनकार पर युवती के घर में लगा दी आग

0
8
Odisha Crime
Odisha Crime

भुवनेश्वर: ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. एक युवक ने एकतरफा प्यार में आकर एक युवती के घर में आग लगा दी. आग में युवती गंभीर रूप से झुलस गई है. वह फिलहाल अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है. पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. 

शादी का प्रस्ताव ठुकराने पर वारदात को दिया अंजाम

यह घटना सुंदरगढ़ जिले के बिसरा ब्लॉक के जराटोला गांव की है. पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी युवक लंबे समय से युवती के पीछे पड़ा हुआ था और उस पर रिलेशनशिप के लिए दबाव बना रहा था. जब युवती ने उसका शादी का प्रस्ताव ठुकरा दिया, तो आरोपी ने यह हिंसक कदम उठाया.

खिड़की के रास्ते डाला पेट्रोल फिर लगा दी आग

मिली जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार की देर रात पीड़िता अपने कमरे में सो रही थी. इसी दौरान आरोपी, जिसकी पहचान रजत किरो के रूप में हुई है. पेट्रोल लेकर उसके घर के बाहर पहुंचा. उसने कमरे की खिड़की के रास्ते अंदर पेट्रोल उड़ेल दिया और फिर माचिस मारकर आग लगा दी. देखते ही देखते लपटों ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया. 

पीड़िता ने खोला राज

पीड़िता के पिता जेना टोप्पो ने बताया कि आग लगने के ठीक कुछ ही पल पहले उनके छोटे भाई की पत्नी ने आरोपी रजत किरो को खिड़की के पास संदिग्ध हालत में देखा था. पिता ने यह भी आरोप लगाया कि प्रस्ताव ठुकराने के बाद से ही रजत उनकी बेटी को लगातार प्रताड़ित कर रहा था.

40 फीसदी तक झुलसी युवती

कमरे में आग भड़कने के बाद जब युवती की चीख-पुकार गूंजी, तो परिवार के सदस्य और आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे. स्थानीय निवासियों ने भारी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और झुलस चुकी युवती को सुरक्षित बाहर निकाला. पीड़िता को तुरंत राउरकेला के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों के अनुसार, युवती करीब 40 प्रतिशत तक झुलस चुकी है और उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है.

आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने आरोपी रजत किरो को गिरफ्तार कर लिया है और उसे जल्द ही अदालत में पेश किया जाएगा. पुलिस अधिकारी ने कहा कि मामला एकतरफा प्यार और सनक का लगता है, लेकिन हमले की हर बारीक वजह को खंगाला जा रहा है. फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here