नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली को प्रदूषण मुक्त, स्वच्छ और सुरक्षित बनाने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने पुराने और अपनी निर्धारित आयु पूरी कर चुके वाहनों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। सड़कों पर दौड़ते और रिहायशी इलाकों में खड़े कबाड़ बन चुके वाहनों पर अब पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। इसी कड़ी में यातायात पुलिस, जोन-एक की ओर से 12 से 16 नवंबर 2026 तक जीवन-अवधि पूरी कर चुके वाहनों को लेकर विशेष जागरूकता मेला आयोजित किया गया। इस अभियान के दौरान लोगों को नियमों की जानकारी देने के साथ अधिकृत कबाड़ वाहन निस्तारण केंद्रों तक पहुंचने का रास्ता भी समझाया गया।
अपर पुलिस आयुक्त विजयंत गोयल आर्य की निगरानी में इस जागरूकता अभियान का उद्देश्य केवल वाहनों को जब्त करना नहीं, बल्कि नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण और यातायात सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनाना भी रहा। मेले में परिवहन विभाग के प्रतिनिधियों ने भी यातायात पुलिस के साथ मिलकर लोगों को पुराने वाहनों से जुड़े कानूनी प्रावधानों, उनके इस्तेमाल के परिणामों और अधिकृत केंद्रों पर वाहनों को निस्तारित कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी।
240 वाहनों पर चला कार्रवाई का डंडा
मेले के दौरान जोन-एक में 240 जीवन-अवधि पूरी कर चुके वाहनों को जब्त किया गया। वहीं, यातायात पुलिस की लगातार जारी प्रवर्तन कार्रवाई के तहत अब तक जोन-एक में कुल 9,916 ऐसे वाहनों को जब्त किया जा चुका है। यह आंकड़ा बताता है कि राजधानी की सड़कों से पुराने और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को हटाने के लिए पुलिस किस स्तर पर अभियान चला रही है।
आरडब्ल्यूए और बाजार संगठनों को भी जोड़ा
अभियान के तहत हजारों नागरिकों के अलावा आवासीय कल्याण संघों और बाजार कल्याण संघों के प्रतिनिधियों को भी जागरूक किया गया। उन्हें बताया गया कि अनधिकृत कबाड़ कारोबारियों को वाहन सौंपने के बजाय केवल अधिकृत निस्तारण केंद्रों का ही इस्तेमाल करें। साथ ही सार्वजनिक स्थानों और आवासीय क्षेत्रों में लंबे समय से खड़े लावारिस वाहनों को हटाने में सहयोग करें, क्योंकि ऐसे वाहन यातायात बाधित करने के साथ सार्वजनिक सुरक्षा और स्वच्छता के लिए भी खतरा बनते हैं।
अपर पुलिस आयुक्त विजयंत गोयल आर्य का संदेश
अपर पुलिस आयुक्त/यातायात जोन-एक विजयंत गोयल आर्य ने वाहन मालिकों, स्थानीय निवासियों और बाजार संगठनों से इस अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया कि पुराने वाहनों का कानूनी तरीके से निस्तारण कराना प्रत्येक वाहन मालिक की जिम्मेदारी है। अभियान पूर्वी, मध्य और उत्तरी यातायात परिक्षेत्रों में भी जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से आगे बढ़ाया जा रहा है।
iReported By: Pankaj Rai










