नई दिल्ली: दक्षिण-पश्चिमी मॉनसून अब देश के कई हिस्सों से धीरे-धीरे लौट रहा है। दिल्ली-NCR समेत राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में बारिश का दौर लगभग खत्म हो चुका है। हालांकि, मॉनसून की विदाई के बीच देश के पूर्वी और दक्षिणी राज्यों में बारिश का सिलसिला अभी बना हुआ है। मौसम विभाग ने बिहार और उत्तर प्रदेश समेत करीब 12 राज्यों में बारिश की संभावना जताई है।
इन राज्यों में आज बरस सकते हैं बादल
मौसम विभाग के अनुसार, बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। वहीं दक्षिण भारत में तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के कई इलाकों में भी अगले कुछ समय तक बारिश का असर देखने को मिलेगा। कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है।
पूर्वी भारत में बने स्थानीय मौसम सिस्टम की वजह से बिहार, झारखंड और आसपास के क्षेत्रों में मौसम बदला हुआ है। पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के आसार हैं।
बिहार में भारी बारिश का अलर्ट
बिहार में मॉनसून की वापसी से पहले बारिश ने एक बार फिर जोर पकड़ा है। राज्य के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। गंडक नदी का जलस्तर बढ़ने से सारण समेत कुछ इलाकों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में बारिश का दौर कमजोर पड़ चुका है, लेकिन पूर्वी यूपी में अभी बादल सक्रिय हैं। लखनऊ, प्रयागराज, कानपुर, उन्नाव और बस्ती समेत कई जिलों में बारिश हो सकती है। कुछ क्षेत्रों में नदियों का जलस्तर बढ़ने से स्थानीय प्रशासन भी सतर्क है।
दिल्ली-NCR में क्यों लौटे बादल?
दिल्ली-NCR में मॉनसूनी गतिविधियां अब लगभग खत्म हो चुकी हैं। बारिश नहीं होने से दिन में उमस और गर्मी महसूस हो रही है, जबकि सुबह-शाम मौसम अपेक्षाकृत सुहावना है। मॉनसून की वापसी के साथ यहां आसमान साफ रहने और तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की संभावना है।
मॉनसून के पीछे हटने के बाद पहाड़ी राज्यों में ठंड का असर बढ़ने लगेगा। ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी का दौर शुरू हो सकता है। इसका असर आने वाले दिनों में मैदानी राज्यों के तापमान पर भी दिखाई देगा।












