नई दिल्ली: Apple अपनी 20वीं एनिवर्सरी के लिए एक धांसू iPhone तैयार कर रहा है, ऐसी खबरें आ रही हैं। कहा जा रहा है कि आने वाले मॉडल में कर्व्ड डिस्प्ले डिजाइन मिलेगा और कंपनी इसे बेहतर से बेहतर बनाने के लिए कई सालों से टेस्टिंग कर रही है। हालांकि खुद कंपनी ने अभी तक इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी है, लेकिन ऑनलाइन सामने आ रही अफवाहों और लीक से पता चलता है कि इसे अगले साल यानी 2027 में लॉन्च किया जा सकता है। एक टिप्स्टर के अनुसार, Apple कई डिजाइन वर्जन की टेस्टिंग कर रहा है, जिनमें फ्रंट ग्लास को लेकर अलग-अलग तरीके अपनाए जा रहे हैं। उम्मीद है कि यह ग्लास चारों किनारों से मुड़ा हुआ होगा। बताया जा रहा है कि कंपनी ने इस कर्व को बेहतर बनाने में कई साल लगा दिए हैं और इस पर अभी भी काम चल रहा है।
आइस यूनिवर्स ने बताया चार प्रोटोटाइप में क्वाड-कर्व्ड ग्लास का प्रयोग
टिप्स्टर आइस यूनिवर्स ने एक्स पर एक पोस्ट में Apple के 20वीं एनिवर्सरी वाले iPhone के बारे में नई जानकारी शेयर की है। टिप्स्टर के अनुसार, Apple फिलहाल चार प्रोटोटाइप पर काम कर रहा है, जिनमें से दो में नॉर्मल फ्लैट ग्लास कवर लगे हैं। वहीं बाकी दो मॉडलों में क्वाड-कर्व्ड यानी चारों तरफ से मुड़ा हुआ ग्लास इस्तेमाल किया गया है, जो फोन के चारों किनारों तक मुड़ा हुआ है। टिप्स्टर का दावा है कि Apple लगभग तीन साल से क्वाड-कर्व्ड डिजाइन के साथ एक्सपेरिमेंट कर रहा है। कहा जा रहा है कि इस दौरान Apple ने कई बार बदलाव किए हैं, खासकर यह तय करने के लिए कि किनारों की तरफ ग्लास कितना मुड़ा हुआ होना चाहिए। शुरुआती प्रोटोटाइप में कर्व काफी ज्यादा थे, जिन्हें बाद के वर्जन में Apple ने कम कर दिया। 20वीं एनिवर्सरी iPhone के क्वाड-कर्व्ड वर्जन में लगभग 1 मिमी साइज के बेजेल्स हो सकते हैं। हालांकि ग्लास चारों किनारों को एक कोण पर इस तरह से लपेटता है, जिससे फोन को सीधे देखने पर ये बॉर्डर लगभग अदृश्य हो जाते हैं। टिप्स्टर का दावा है कि यह कथित iPhone को फिजिकल बेजल को खत्म किए बिना लगभग एक बेजललेस डिजाइन दे सकता है। यानी फोन देखने में ऐसा लगेगा जैसे पूरी स्क्रीन ही स्क्रीन है, किनारों पर कोई बॉर्डर है ही नहीं। ये देखने में काफी प्रीमियम और फ्यूचरिस्टिक लगेगा।
टाइटेनियम फ्रेम और राउंड कॉर्नर के साथ iPhone 20 Pro की संभावना
दूसरी तरफ, टिप्स्टर फिक्स्ड फोकस डिजिटल ने वीबो पर दावा किया है कि Apple iPhone 15 Pro और iPhone 15 Pro Max के बाद पहली बार अपने प्रो मॉडल में टाइटेनियम वापस ला सकता है। iPhone 20 Pro में टाइटेनियम फ्रेम और राउंड कॉर्नर की सुविधा दी जा सकती है। यह डिजाइन लैंग्वेज iPhone Air से इंस्पायर्ड बताई जा रही है। स्टीव जॉब्स द्वारा 2007 में पहला iPhone पेश करने के 20 साल पूरे होने पर, Apple 2027 में एनिवर्सरी मॉडल पेश कर सकता है। ऐसा इसलिए भी कहा जा रहा है कि दस साल पूरे होने पर Apple ने 2017 में iPhone X लॉन्च किया था, जिसने कंपनी ने पारंपरिक होम बटन को एज-टू-एज डिस्प्ले और फेस आईडी से बदल दिया था।











