नई दिल्ली: बेरोजगार युवाओं को नौकरी का सपना दिखाकर उनकी मेहनत की कमाई लूटने वाले गिरोह का द्वारका जिला पुलिस ने पर्दाफाश किया है। द्वारका साइबर थाना पुलिस ने द्वारका मोड़ के पास पटेल गार्डन में चल रहे कथित फर्जी नौकरी दिलाने वाले कार्यालय का भंडाफोड़ करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं, गिरोह से जुड़ी दो महिला एचआर कर्मचारियों को जांच में शामिल कर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 35(3) के तहत पाबंद किया गया है।
पर्चों से बिछाया ठगी का जाल
द्वारका जिला डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि आरोपी दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में नौकरी के आकर्षक विज्ञापन वाले पर्चे चिपकाते थे। नौकरी की तलाश में भटक रहे युवक-युवतियां उन पर लिखे मोबाइल नंबरों पर संपर्क करते तो उन्हें साक्षात्कार के लिए कार्यालय बुलाया जाता था।
इंटरव्यू के बाद वसूली का खेल
कार्यालय में महिला एचआर कर्मचारी उम्मीदवारों का साक्षात्कार लेती थीं। इसके बाद रजिस्ट्रेशन शुल्क और वर्दी के नाम पर प्रत्येक उम्मीदवार से पैसे वसूले जाते थे। जल्द नौकरी मिलने और कार्यभार संभालने का भरोसा देकर उन्हें वापस भेज दिया जाता था। लेकिन न नौकरी मिलती थी और न ही वर्दी। बार-बार संपर्क करने पर कथित तौर पर उम्मीदवारों के मोबाइल नंबर तक बंद कर दिए जाते थे। रोजाना 10 से 15 उम्मीदवार कार्यालय पहुंचते थे।
चार बैंक खातों ने खोली पोल
23 अक्टूबर को गुप्त सूचना और राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर उपलब्ध शिकायतों के विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने कार्यालय पर जांच की। मुख्य आरोपी सर्वेश कुमार (34) को गिरफ्तार किया गया। उसके चार बैंक खाते उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक डीसीबी बैंक, इक्विटास बैंक और बंधन बैंक में मिले। इन खातों की राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल और समन्वय पोर्टल पर जांच में नौ शिकायतें जुड़ी मिलीं।
तीन मोबाइल और 29 पर्चे बरामद
पुलिस ने तीन मोबाइल फोन, नौकरी के विज्ञापन वाले 29 पर्चे और एक हाजिरी रजिस्टर बरामद किया। कुमारी निरुपमा उर्फ माही (31) और कंचन छाबड़ा (33) को जांच में शामिल कर धारा 35(3) बीएनएसएस के तहत पाबंद किया गया। मामले में प्राथमिकी संख्या 40/2026 दर्ज है।
इन पुलिसकर्मियों ने खोला ठगी का खेल
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह के निर्देश पर एसीपी ऑपरेशंस सुभाष मलिक के मार्गदर्शन तथा साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक संदीप तुशीर की निगरानी में हुई। टीम में मुख्य हेड कांस्टेबल कुलवीर (477/डी डब्ल्यू) हेड कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह (1710/डी डब्ल्यू), हेड कांस्टेबल श्रीराम (1278/डी डब्ल्यू) और महिला हेड कांस्टेबल बलकेश (2269/डी डब्ल्यू) शामिल रहीं। आगे की जांच हेड कांस्टेबल नवीन कुमार (197/डी डब्ल्यू) ने की।
अब पैसों के लेन-देन और अन्य पीड़ितों की तलाश
पुलिस अब चारों बैंक खातों से जुड़े लेन-देन, नौ साइबर शिकायतों और अन्य संभावित पीड़ितों की पहचान में जुटी है। साथ ही गिरोह के अन्य सहयोगियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। पुलिस का संदेश: नौकरी के नाम पर किसी अनजान कार्यालय को रजिस्ट्रेशन या वर्दी शुल्क देने से पहले पूरी जांच करें।
Reported By: Pankaj Rai












